खरगोन : कर्फ्यू में 4 घंटे की ढील, दुकानें खुलेंगी; वाहनों पर पाबंदी

ब्रह्मास्त्र खरगोन। रविवार को खरगोन में लगे कर्फ्यू में 4 घंटे की ढील दी गई है। अपर कलेक्टर एसएस मुजाल्दा ने बताया कि 17 अप्रैल को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक कर्फ्यू में छूट दी गई है। यह छूट महिला-पुरुष के लिए लागू रहेगी। रविवार को सैलून, इलेक्ट्रॉनिक, खाद बीज, हार्डवेयर और बर्तन की दुकानें भी खोलने की इजाजत दे दी गई है। सब्जी, फल, दूध, किराना सामान, मेडिकल, इलेक्ट्रिक रिपेयरिंग, मिठाई और नमकीन शॉप्स खोलने की इजाजत इससे पहले ही दी जा चुकी है। गाड़ियों पर अभी भी पाबंदी रहेगी।
खरगोन शहर में 10 अप्रैल को कर्फ्यू लगाया गया था। 14 अप्रैल को पहली बार सिर्फ महिलाओं को सुबह 10 से दोपहर 12 और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक बिना वाहन के छूट दी गई थी। इसके अगले दिन 15 अप्रैल को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक महिला और पुरुष दोनों को बिना वाहन के घरों से निकलने की छूट मिली थी। शनिवार को तीसरे दिन 2-2 घंटे की फिर ढील दी गई।