भतीजी सिपाही 10 साल से कर रही परेशान, बनाने नहीं दे रही मकान

ब्रह्मास्त्र इंदौर। नगर सुरक्षा समिति के दिवंगत पूर्व पदाधिकारी संतोष यादव का परिवार शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचा। उन्होंने 25 साल इंदौर पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर शहर के बुजुर्गों की सेवा की थी।
परिवार ने एडिशनल पुलिस कमिश्नर मनीष कपूरिया से मुलाकात की। बेटे, पोते-पोती और बहू के साथ पहुंची संतोष की पत्नी कौशल्या ने बताया कि सोमनाथ की जूनी चाल में उनका कच्चा मकान है। वे वर्षों से यहां रह रही हैं। इसमें कुछ जगह खाली है। वे अब मकान बनाना चाहती हैं, लेकिन आबकारी विभाग में सिपाही भतीजी दादागीरी करती है।
वह उन्हें मकान बनाने नहीं दे रही है। जब भी वे एमआईजी थाने में शिकायत करने जाती हैं तो वह कार्रवाई नहीं होने देती। पति संतोष भी पुलिस की मदद के लिए रोज पुलिस कंट्रोल रूम आते थे, लेकिन पारिवारिक मामला होने के कारण उन्होंने कभी शिकायत नहीं की। पत्नी का आरोप है कि भतीजी ने एक बार यादव पर हमला भी किया था। अब यादव की मौत के बाद भी वह परेशान कर रही है। कपूरिया ने मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।