इंदौर नगर निगम का 3 अप्रैल को पेश होगा बजट

दैनिक अवन्तिका इंदौर

इंदौर नगर निगम का वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट अप्रैल महीने की शुरूआत में पेश किया जाएगा। इस बार 8,238 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित है। बजट पेश होने के अगले दिन इस पर बहस होगी। 3 अप्रैल को नगर निगम का बजट प्रस्तुत किया जाएगा।
पिछले साल के कई प्रस्ताव अब तक लागू नहीं हो सके थे, जिन्हें इस साल लागू किया जाएगा। इसका सीधा असर अप्रैल में कर भुगतान करने वालों पर पड़ेगा। उन्हें पिछली वृद्धि के अनुसार ही संपत्ति कर चुकाना होगा। रेट जोन बदले जाने के कारण संपत्ति कर में वृद्धि हुई थी, लेकिन ई-नगर पालिका पोर्टल पर अपडेट न होने के कारण यह बदलाव मार्च तक प्रभावी नहीं हो सका।

 

अब यह अप्रैल से लागू होगा, जिससे संपत्ति कर में बढ़ोतरी होगी। नगर पालिका निगम परिषद का बजट सम्मेलन 3 अप्रैल को सुबह 11 बजे श्री अटल बिहारी वाजपेयी परिषद सभागृह, अटल सदन, नगर निगम मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में महापौर पुष्यमित्र भार्गव नगर निगम का वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही बजट सम्मेलन में अन्य विषयों पर भी चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि इस बार जनकार्य विभाग को 2,000 करोड़ रुपए का बजट मिलेगा, जिससे शहर के विकास कार्यों में तेजी आएगी। मनोरंजन कर पर पिछले साल से सख्ती बढ़ाई गई है, जिससे इस साल 5 से 10 करोड़ रुपए की आय होने का अनुमान है। अनुमान है कि बढ़े हुए संपत्ति कर से 11.83 करोड़ रुपए अधिक जमा होंगे। जलकर से 31 करोड़ रुपए और अन्य मदों से 6 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय होगी।

Author: Dainik Awantika