29 मार्च को शनिचरी अमावस्या का  संयोग, त्रिवेणी संगम पर होगा नहान – देशभर से उमड़ेंगे श्रद्धालु, घाटों पर स्नान कर शनिदेव को चढ़ाएंगे तेल

दैनिक अवंतिका उज्जैन। 
शनिचरी अमावस्या का पर्व 29 मार्च को आ रहा है। इस अवसर पर उज्जैन के त्रिवेणी संगम शिप्रा में डुबकी लगाने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ेंगे। इसको ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के अधिकारी श्रद्धालुओं की सुविधा के इंतजाम में जुटे हुए हैं।
घाट पर नहान के लिए फव्वारे लगाए जाएंगे। वहीं तैराकों को भी लगाया जा रहा है। होमगार्ड की ड्यूटी और पुलिस जवानों की ड्यूटी भी सुरक्षा की दृष्टि से लगाई जाएगी। बेरिकेड्स का काम भी आजकल में शुरू कर दिया जाएगा। श्रद्धालु घाट पर स्नान के लिए पहुंचेंगे। इसके बाद बैरिकेडिंग में लाइन से होते हुए नवग्रह शनि मंदिर में दर्शन करेंगे तथा पूजन के साथ तेल भी चढ़ाएंगे। शनि मंदिर में भी शनिचरी अमावस्या पर्व की तैयारी की जा रही है। भगवान का आकर्षक श्रृंगार होगा। मंदिर में भी सजावट की जाएगी। काफी समय बाद चैत्र की अमावस्या शनिवार को आ रही है। इसलिए यह शनिचरी अमावस्या पर्व के रूप में मनाई जाएगी।

Author: Dainik Awantika