खरगोन में मिला युवक का शव

-प्रशासन फिर सख्त, कर्फ्यू में ढील निरस्त
-तीन नई चौकियां शुरू करने का फैसला

खरगोन। शहर में सोमवार सुबह 8 बजे से 12 बजे तक कर्फ्यू में दी जाने वाली ढील निरस्त कर दी गई है। शहर के इस्लामपुरा इलाके में एक युवक का शव मिला है। इसी वजह से कलेक्टर के आदेश पर ढील निरस्त कर दी गई।
शहर में एक और थाने का प्रस्ताव भेजा जाएगा। तीन पुलिस चौकियां बनाई जाएंगी। जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल सोमवार और मंगलवार को खरगोन शहर के भ्रमण पर रहेंगे। मंत्री शाम 5 बजे खरगोन पहुंचकर कानून व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों के साथ सर्किट हाउस में चर्चा करेंगे।
खरगोन शहर में 10 अप्रैल को कर्फ्यू लगाया गया था। 14 अप्रैल को पहली बार सिर्फ महिलाओं को सुबह 10 से दोपहर 12 और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक बिना वाहन के छूट दी गई थी। इसके अगले दिन 15 अप्रैल को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक महिला और पुरुष दोनों को बिना वाहन के घरों से निकलने की छूट मिली थी। शनिवार को तीसरे दिन 2-2 घंटे की फिर छूट रही। रविवार को 4 और 2 घंटे की छूट रही।