सांसद अनिल फिरोजिया ने उठाया बिग बॉस में अश्लीलता का मुद्दा

लोकसभा में कहा- समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा, गलत दिशा में करता है प्रेरित

 

ब्रह्मास्त उज्जैन

उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया ने गुरुवार को लोकसभा में ओटीटी और बिग बॉस कार्यक्रम को लेकर अश्लीलता फैलाने के आरोप लगाए। उन्होंने भरे सदन में कहा कि ये शो भारतीय समाज के लिए चिंता का कारण बन चुका है। बिग बॉस शो में बढ़ती अश्लीलता से समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

इस शो को भारतीय टेलीविजन पर बड़े पैमाने पर प्रसारित किया जाता है, और देशभर में इसके करोड़ों दर्शक हैं। शुरूआत में यह शो एक सामान्य रियलिटी शो की तरह था, लेकिन समय के साथ इसमें अश्लीलता और विवादों का स्तर बहुत बढ़ गया है, जो न केवल इसे देखने वाले दर्शकों के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए खतरनाक हो सकता है। उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया ने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए लोकसभा में शून्यकाल के दौरान कहा- इस शो का प्रमुख आकर्षण विवादों और प्रतियोगियों के बीच अश्लील बर्ताव है। शो में अक्सर गाली.गलौच, यौन शोषण की स्थिति, और विवादित व्यवहार को बढ़ावा दिया जाता है। कई बार प्रतियोगियों के निजी जीवन की गंदगी को सार्वजनिक रूप से दिखाया जाता है, जिससे न केवल उनका अपमान होता है बल्कि यह अन्य लोगों को भी गलत दिशा में प्रेरित करता है। हमारे युवाओं और बच्चों पर इस तरह के कार्यक्रमों का प्रभाव बहुत गहरा होता है।

Author: Dainik Awantika