खेत पर सोये दिव्यांग बुजुर्ग की गला रेंतकर हत्या -आरोपियों का पता लगाने में जुटी पुलिस

उज्जैन। रात में खेत पर सोये दिव्यांग बुजुर्ग की गला रेंतकर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची। मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों का पता लगाने के लिये पुलिस की एक टीम ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
मामला झारड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम लोटिया जुर्नादा का है। थाना प्रभारी आनंद भामोर ने बताया कि घटनाक्रम बुधवार-गुरूवार रात का होना सामने आया है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। जांच में मृतक का नाम अर्जुन पिता फतेहसिंह 60 वर्ष होना सामने आया। उसके गले पर धारदार हथियार के निशान थे। गला बुरी तरह से रेंता गया था। ग्रामीणों ने बताया कि प्रतिदिन रात में खेत पर बनी झोपड़ी में सोता था। घटनास्थल से शव पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजा गया। मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला कि मृतक अर्जुन का एक बेटा था, उसका पूर्व में निधन हो चुका है। मृतक और उसकी पत्नी अकेले रहते थे। थाना प्रभारी के अनुसार शुक्रवार दिनभर ग्रामीणों से पूछताछ की गई। किसी से विवाद होने की जानकारी सामने नहीं आई है। बावजूद कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हत्या की वजह और आरोपियों का पता लगा लिया जायेगा।