ससुराल से लौटते समय हुई दुर्घटना में घायल की मौत

दैनिक अवंतिका
उज्जैन। ससुराल गया युवक 2 दोस्तों के साथ वापस लौटते समय सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया था। युवक के साथ उसके दोस्त भी घायल हुए थे। तीनो को उपचार के लिये चरक अस्पताल लाया गया था। जहां शनिवार-रविवार रात युवक की मौत हो गई। दोस्तों का उपचार चल रहा है।
अस्पतल पुलिस चौकी ने रविवार सुबह दुर्घटना में घायल कमल पिता बाबूलाल पंवार 35 साल निवासी नजरपुर की मौत होने पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान परिजनों ने बताया कि कमल शनिवार को अपने ससुराल ग्राम कालूखेड़ी गया था। उसके साथ दोस्त रामेश्वर पिता ब्रदीलाल और कालू पिता चंदर थे। शाम को तीनों वापस लौट रहे थे। मालीखेड़ी के समीप अज्ञात वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी थी। तीनों के घायल होने पर उपचार के लिये चरक अस्पताल लाया गया था। जहां उपचार चल रहा था, रात में 3 बजे के लगभग कमल की मौत हो गई। परिजनों का कहना था कि कमल मजूदरी करता था और उसके 2 बच्चे है। परिवार की जिम्मेदारी उसके ऊपर ही थी। चौकी पुलिस के अनुसार मामला घट्टिया थाना क्षेत्र का है। मर्ग डायरी जांच के लिये सौंपी जायेगी। घट्टिया पुलिस द्वारा ही अज्ञात वाहन की तलाश कर आगे की कार्रवाई पूरी करेगी।

Author: Dainik Awantika