दरवाजा खोला तो घर में फैला दिखाई दिया खून -नागदा की वृद्ध महिला की 6 दिन चले उपचार के बाद मौत

उज्जैन। पति की मौत के बाद अकेली रहने वाली वृद्धा 24 मार्च की शाम घर में घायल मिली थी। रिश्तेदारों ने उपचार के लिये अस्पताल लेकर आये। 6 दिन  बाद रविवार-सोमवार रात मौत हो गई। घटना के चार दिन बाद पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज किया था। अब मौत होने पर घटनाक्रम हत्या में तब्दील हो गया है।
नागदा थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने बताया कि 28 मार्च को नागदा में रहने वाली ज्योति जैन ने थाने आकर शिकायत दर्ज कराई कि 24 मार्च को उनकी भाभी प्रिती जैन पति स्व. ओमप्रकाश गुप्ता 68 वर्ष के घायल होने की खबर मिली थी। वह भाभी के घर पहुंचे और उन्हे अस्पताल लेकर आये। उनके घर पर ताला लगा दिया था। उन्हे लगा था कि गिरने से सिर में चोंट लगी होगी। चार दिन बाद घर पहुंचे और दरवाजा खोला तो घर में खून फैला दिखाई दिया। ऊपरी मंजिल के कमरे में भी खून पड़ा था। पुलिस घटनास्थल पहुंची और जांच की। मामला अकेली रहने वाली वृद्धा के साथ मारपीट का होना प्रतीत हुआ। अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। रिश्तेदार प्रीति जैन को उपचार के लिये उज्जैन निजी अस्पताल लेकर आ गये थे। जहां सामने आया कि उनके सिर पर वार किया गया है। प्रिति जैन बोल पाने की हालत में नहीं थी। उनकी हालत बिगड़ती जा रही थी। इस बीच रविवार-सोमवार रात मौत हो गई। सोमवार सुबह नीलगंगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के बाद जांच नागदा भेजी। थाना प्रभारी गवरी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटनाक्रम को हत्या में तब्दील किया जायेगा।
पुत्र बोला हाथ की चूडी और पर्स गायब
पोस्टमार्टम के दौरान मृतक वृद्धा प्रीति जैन का पुत्र आशीष जैन मौजूद था। उसने बताया कि पिता का सालभर पहले निधन हो गया था। वह देवास में प्रायवेट जॉब करता है। बहन का इंदौर में विवाह हुआ है। मां घर पर अकेली रहती थी। नागदा में रिश्तेदार है, जो घर आते-जाते थे। उसे मां के घायल होने की खबर मिली तो उज्जैन आ गया था। चार दिन बाद नागदा पहुंचकर मकान का दरवाजा खोला। मां के हाथ से सोने की 2 चूडियां गायब है। वहीं घर में रखा पर्स भी नहीं मिला है। पुत्र आशीष का कहना था कि मां की हत्या की हुई है।
आसपास कैमरों को खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच कर रहे एसआई राजेश कलमी ने बताया कि बुर्जुग महिला प्रीति जैन की मौत होने पर जांच शुरू की गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे है। इस बात का पता भी लगाया जा रहा है कि 24 मार्च को उनके घर कौन आया था। घटना का पता लगाने के लिये तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया गया है। जल्द ही मामले स्पष्ट कर लिया जायेगा।

Author: Dainik Awantika