आज से स्वीमिंग पुल में शुरू होगी तैराकी

उज्जैन। गर्मी की शुरूआत होते ही तैराकी का शौक रखने वालों को स्वीमिंग पुल खुलने का इंतजार बना रहता है। आज से नगर निगम मुख्यालय के पीछे बने स्वीमिंग पुल में तैराकी शुरू होने जा रही है। पुल में तैराकी 2 शिफ्ट में होगी, सुबह की शिफ्ट में 5 घंटे का समय रहेगा और शाम की शिफ्ट में 6 घंटे का समय रखा गया है। तैराकी करने वालों को 1 घंटे का समय दिया जायेगा।
नगर निगम द्वारा संचालित मुख्यालय के पीछे बना ओलंपिक साइज स्वीमिंग पुल का शुभारंभ आज सुबह 9 बजे किया जायेगा। पुल का रखरखाव और संचालन का जिम्मा दिल्ली की रामा कृष्ण कंपनी को सौंपा गया है। पुल का समय सुबह और शाम का रहेगा। पहली शिफ्ट सुबह 6 बजे से एक घंटे की रहेगी। उसके बाद हर 1 घंटे में तैराकी का शौक रखने वाले 11 बजे तक पुल में गोता लगा सकेगें। महिलाओं और युवतियों के लिये सुबह 10 से 11 बजे का समय रखा गया है। शाम की शिफ्ट 4 बजे शुरू होगी और रात 10 बजे तक रहेगी। तैराकी के लिये 45 मिनट का समय दिया जायेगा। 15 मिनट शावर का रहेगा। स्वीमिंग पुल का शुल्क 2 हजार 500 रूपये प्रतिमाह रखा गया है। 3 माह का शुल्क 5 हजार 500 रहेगा। 6 माह के लिये 9 हजार रूपये देना होगें। स्पेशल प्लान फैमेली के साथ 18 हजार रूपये तय किया गया है। प्रतिदिन की शुल्क 150 रूपये देना होगा।
कोठी रोड पर पुल का निर्माण अधूरा
शहर में नगर निगम द्वारा कोठी रोड पर भी स्वीमिंग पुल का संचालन किया जाता रहा है। पुल काफी पुराना होने पर नया बनाने का काम कुछ साल पहले शुरू किया गया था। लेकिन इस वर्ष भी स्वीमिंग पुल का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। जिससे नये शहर में तैराकी का शौक रखने वालों का नगर निगम तक आना होगा। कोठी रोड पर बना स्वीमिंग पुल तैराको के लिये काफी सुविधा जनक था। यहां आना शहर के लोग पसंद भी काफी करते थे।

Author: Dainik Awantika