उज्जैन। भाटपचलाना के ग्राम खरसौदकलां में रहने वाला विरेन्द्र पिता भैरूलाल पण्ड्या 60 वर्ष सोमवार को बाइक से खेत की ओर जा रहा था। तभी सामने आये बाइक चालक से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में विरेन्द्र गंभीर घायल हो गया था। उसे उपचार के लिये उज्जैन लाया गया। जहां रात में मौत हो गई। मंगलवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। मृतक 2 बच्चों का पिता था और खेती किसानी का काम करता था। दुर्घटना के बाद टक्कर मारने वाला बाइक चालक मौके से भाग निकला था। जिसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है।
घट्टिया थाना पुलिस ने ग्राम निपानिया गोयल नेशनल हाईवे के पास से एक युवक की लाश बरामद की थी। उसके गले में रस्सी का फंदा कंसा हुआ था। मृतक युवक जमीन पर बैठा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर उनकी पहचान के प्रयास शुरू किये। 2 दिन बाद भी पहचान नहीं होने पर मंगलवार को एएसआई सूरसिंह बामनिया ने पोस्टमार्टम कराया और शव दफना दिया। एएसआई के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर युवक की मौत का कारण सामने आ पायेगा। फिलहाल मर्ग कायम किया गया है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की जांच शुरू की जायेगी। मृतक का फोटो पूरे जिले में भेजा गया है। उसके परिजनों का पता लगाने की कोशिश जारी है।