उज्जैन। उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा दोनों बाइक पर सवार होकर पंचकोशी मार्ग के पड़ाव स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। कलेक्टर एसपी दोनों बाइक से व्यवस्था देखते हुए आगे चल रहे थे तथा उनके पीछे अधिकारियों की टीम चल रही थी। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने यातायात नियमों का पालन करते हुए हेलमेट भी पहन रखा था। अप्रैल माह में शुरू होने वाली पंचक्रोशी यात्रा इस बार 23 अप्रैल से प्रारंभ होगी, यात्रा की व्यवस्था को देखने के लिए उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा दोनों बाइक से अलग-अलग पड़ाव स्थल पर पहुंचे। भीषण गर्मी में दोनों अधिकारियो ने यातायात नियमों का पालन करते हुए हेलमेट पहनकर यात्रा की। यहां पर दोनों ने यात्रियों की सुरक्षा और उनकी जरूरत का ध्यान रखते हुए आवश्यक सुविधा जुटाने के निर्देश दिए।
कुछ दूर कलेक्टर ने तो आधी दूरी तक एसपी ने गाड़ी चलाई
इस बार उज्जैन में लगे व्यापार मेले से उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह ने भी अपने लिए एक नई बाइक खरीदी है। इसी बाइक की ड्राइविंग का मजा लेते हुए एसपी प्रदीप शर्मा और कलेक्टर दोनों बाइक से पंचक्रोशी यात्रा के पड़ाव पर पहुंचे। कुछ दूर कलेक्टर ने ड्राइविंग की तो आधी दूरी तक एसपी ने गाड़ी चलाई। दोनों सबसे पहले नागचंद्रेश्वर मंदिर पहुंचे यहां से दोनों बाइक से ही पिंगलेश्वर, शनि मंदिर, करोहन और नलवा तक पहुंचे, इस दौरान दोनों बारी-बारी से नई गाडी चलाने का मजा भी लिया और पंचक्रोशी यात्रा के लिए निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
23 अप्रैल से 27 अप्रैल तक भीषण गर्मी में शुरू होने वाली पंचक्रोशी यात्रा में प्रदेश भर से ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।पंचकोशी यात्रा में प्रदेश भर से आए हजारों यात्रियों में बच्चे बुजुर्ग महिला पुरुष सभी 118 किमी की पैदल यात्रा करेंगे। यात्री इस दौरान शहर के चारों कोनों में विराजित मंदिर 1. पिंगलेश्वर, 2 कायावरोहणेश्वर, 3. विल्वेश्वर, 4. दुर्धरेश्वर, 5. नीलकंठेश्वर के पूजन अर्चन कर मंगलवार को शिप्रा नदी में स्नान कर अपनी यात्रा खत्म करेंगे।
पंचक्रोशी यात्रा में
पिग्लेश्वर, करोहन, नलवा, अम्बोदिया, केडी पैलेस, जेथल और उंडासा पड़ाव होंगे। कुल पांच पड़ाव और दो उप पड़ाव में श्रद्धालु आराम कर सकेंगे।