निगम परिसर में बेसुध मिले कर्मचारी की हुई मौत -जहर खाने की आशंका, आज होगा पोस्टमार्टम

उज्जैन। नगर निगम परिसर में बेसुध पड़े कर्मचारी को गुरूवार दोपहर चरक अस्पताल लाया गया था। उसकी हालत काफी गंभीर होने पर डॉक्टरों ने भर्ती किया, आशंका जताई गई कि जहरीला पदार्थ खाया है। उपचार के दौरान शाम को कर्मचारी की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। आज पोस्टमार्टम कराया जायेगा।
कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि नगर निगम परिसर से भृत्य के पद पर कार्य करने वाले गिरधारी पिता मांगू कहार 44 वर्ष निवासी नृसिंहघाट कालोनी को निगम के कुछ कर्मचारी चरक अस्पताल लेकर पहुंचे थे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो सामने आया कि बेसुध पड़ा था और उल्टियां कर रहा था। डॉक्टरों ने उसे उपचार के लिये भर्ती किया। कुछ घंटे बाद उसकी मौत की खबर ड्युटी कम्पाउंडर द्वारा दी गई। मर्ग कायम कर पुलिस पोस्टमार्टम कराने अस्पताल पहुंची। परिजनों ने परिवार के लोगों की आने की बात कहकर शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की बात कही। परिजनों से पूछताछ करने पर उन्होने बताया कि गिरधारी को उसके पिता के स्थान पर नगर निगम में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। परिजन उसकी हालत के बारे में कुछ बता नहीं पाये। पुलिस ने अस्पताल लाने वाले निगम कर्मचारियों से चर्चा की, उन्होने भी कुछ जानकारी नहीं होने की बात कही। इस बीच चर्चा सामने आई कि गिरधारी पर कर्ज अधिक हो गया था। पुलिस का कहना था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि गिरधारी की मौत कैसे और किस वजह से हुई है।

Author: Dainik Awantika