कुएं में जहरीली गैस से 8 की मौत

 

खंडवा में गणगौर के लिए सफाई करने उतरा शख्स डूबा, उसे बचाने के चक्कर में हादसा
ब्रह्मास्त्र खंडवा

खंडवा में एक कुएं में जहरीली गैस से दम घुटने के कारण 8 लोगों की मौत हो गई। करीब 3 घंटे चले रेस्क्यू आॅपरेशन में सभी 8 शव कुएं से बाहर निकाल लिए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस, प्रशासन और एसडीईआरएफ की टीम पहुंची और रेस्क्यू आॅपरेशन चलाया।

ये घटना गुरुवार शाम को जिले के छैगांवमाखन क्षेत्र के कोंडावत गांव की है। बताया जा रहा है कि गणगौर विसर्जन को लेकर अर्जुन नाम का शख्स कुएं की सफाई करने उतरा, जो जहरीली गैस के कारण बेसुध होकर कुएं में जमा दलदल में डूब गया। उसे बचाने के चक्कर में एक के बाद एक 7 और लोग कुएं में उतरे। ये सब भी जहरीली गैस के कारण दम घुटने से डूब गए और इनकी जान चली गई।
सभी 8 शवों को पोस्टमार्टम के लिए छैगांवमाखन के अस्पताल ले जाया गया है। शुक्रवार को शवों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।

Author: Dainik Awantika