उज्जैन। धार्मिक नगरी होने पर शहर में 1 अप्रैल से शराब पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब का कारोबार बढ़ता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने अवैध शराब कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को उन्हेल थाना पुलिस ने ग्राम राजोटा पुलिया के पास से 3 लोगों को हिरासत में लिया। जिनके पास से 7 लीटर कच्ची हाथ भट्टी पर बनी शराब बरामद की गई। भाटपचलाना पुलिस ने खरसौदकलां मार्ग ग्राम मलौडा शमशान घाट से एक युवक को हिरासत में लेकर उसके पास से 3 लीटर कच्ची शराब जप्त की। चारों मामलों में आबकारी अधिनियम का प्रकरण दर्ज किया है। गुरूवार को कायथा, महिदपुर, माकडोन, उन्हेल, बिरलाग्राम, भाटपचलाना, झारड़ा, महिदपुररोड, खाचरौ इंगोरिया और राघवी थाना पुलिस ने अवैध शराब और खुले स्थानों पर शराब पीने वाले 19 लोगों को गिरफ्तार कर मामले दर्ज किये थे। शहरी क्षेत्र में प्रतिबंध लगने के बाद पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नजर रखी जा रही है। शराब नहीं मिलने पर विवाद के मामलों में कमी भी आई है। पति-पत्नी के विवाद का ग्राफ भी कम हुआ है।
ढाबों पर रौनक हुई कम
प्रतिबंध के बाद शहर में संचालित होने वाले ढाबों की रौनक कम हो गई है। संचालकों ने कई कर्मचारियों की छुट्टी कर दी है। चिमनगंज थाना क्षेत्र के एमआर-5 मार्ग पर कई ढाबे खुल चुके थे, जहां जमकर शराब परोसने का काम हो रहा था, लेकिन अब ढाबों पर लोग खाना खाने तक नहीं पहुंच रहे है। शहरी सीमा से बाहर बने ढाबों की रौनक जरूर बढ़ी है। लेकिन पुलिस शराब को लेकर लगातार सर्चिंग कर रही है।