पत्नी के गले पर चाकू से वार कर भागा पति -भरण-पोषण का चला आ रहा विवाद, गिरफ्तारी के प्रयास

उज्जैन। 2 साल से पति-पत्नी में भरण-पोषण का विवाद चला आ रहा है। पत्नी मायके रहने आ गई और सिलाई फैक्ट्री में काम करने लगी। सोमवार सुबह पति ने उसे रोका और विवाद करते हुए गले पर चाकू से वार कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पति की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
नागझिरी थाना एसआई करण खोवाल ने बताया कि सुबह 6 बजे के लगभग उद्योगपुरी सिलाई फैक्ट्री के पास महिला पर चाकू से हमला होने की खबर मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचती, उसे लोगों ने अस्पताल पहुंचा दिया था। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला से पूछताछ की। उसने अपना नाम ज्योति पति राजकुमार निवासी इंदिरानगर नागझिरी होना बताया। उसका कहना था कि 2016 में ग्राम नलवा में शादी हुई थी। पति से पारिवारिक विवाद चला आ रहा है। 2 साल पहले बेटे को लेकर मायके इंदिरानगर आ गई थी। पति के खिलाफ भरण-पोषण का मामला भी चल रहा है। मायके में रहकर वह सिलाई फैक्ट्री में काम कर रही है। सुबह पैदल फैक्ट्री जा रही थी, उसी दौरान पति आ गया। उसने पहले साथ चलने को कहा, मना किया तो विवाद करने लगा और घर बिगाड़ने का आरोप लगाने लगा। जिसका विरोध करने पर उसने चाकू से हाथ पर वार किया। बचाव करने का प्रयास कि तो गले पर वार कर भाग निकला। एसआई खोवाल के अनुसार मामले में महिला की शिकायत पर पति के खिलाफ चाकू मारने का प्रकरण दर्ज किया गया है। डॉक्टरों ने ज्योति की हालत खतरे से बाहर होना बताई है। पति की तलाश में उसके परिजनों से संपर्क किया गया है। जल्द उसे हिरासत में लिया जायेगा।

Author: Dainik Awantika