रतलाम जिले में बड़ा हादसा: आधी रात को अनियंत्रित हुई अशोका बस पलटी, 1 मरा 40 घायल

इंदौर से जोधपुर जा रही थी बस, 6 गंभीर घायल रतलाम जिला अस्पताल रैफर
ब्रह्मास्त्र रतलाम। बीती रात इंदौर से जोधपुर जा रही एक बस ढोढर के समीम रुपनगर फंटे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 4 माह की बच्चे की मौत हो गई जबकि 42 लोग घायल हुए। घायलों को जावरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 6 गंभीर घायलों को रतलाम जिला अस्पताल भेजा गया है।
जावरा शहर थाना प्रभारी वी. डी. जोशी ने एसीएन टाइम्स को बताया हादसा रात करीब 12:00 बजे एक ढाबे के पास हुआ। बस पलटने से उसमें सवार 42 लोग घायल हो गए। हादसे में 4 महीने की एक बच्ची की मौत हो गई। सभी घायलों को पुलिस और लोगों द्वारा जावरा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने 6 गंभीर घायलों को रतलाम रैफर किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अशोका बस सर्विस की है। इस समय मेहतपुर से 20 लोग मजदूरी करने के लिए जोधपुर जाने के लिए उज्जैन से सवार हुए थे। हादसे की जानकारी मिलते ही जावरा एसडीएम हिमांशु प्रजापति, जावरा शहर थाना प्रभारी वी. डी. जोशी, ढोढर पुलिस चौकी से एसआई जगदीश कुमावत सहित पुलिस और प्रशासन का अमला घटनास्थल पर पहुंच गया। रतलाम जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष एवं नामली के पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष राजेश भरावा, नारायण धाकड़, शंकर लाल राठौर सहित बड़ी संख्या में आमजन भी मौके पर पहुंचे। सभी ने घायलों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल कर जावरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया। उधर, अस्पताल में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ भी अलर्ट हो चुका था। घायलों के पहुंचते ही उनका इलाज शुरू कर दिया गया।