मामूली विवाद में गर्भवती को पीटा, पेट में जुड़वां की मौत, 3 पड़ोसन गिरफ्तार

इंदौर। शादी के बाद 12 साल से बच्चे होने का इंतजार कर रहे इंदौर के दंपती की खुशियां मामूली विवाद में काफूर हो गई। पांच माह की गर्भवती महिला से पड़ोस में रहने वाली तीन महिलाओं ने पानी फैलाने की बात पर विवाद किया। विवाद बढ़ा तो तीनों ने गर्भवती से झूमाझटकी की। इस दौरान महिला गिर गई। पीड़िता को असहनीय दर्द हुआ। तीन दिन बाद तबीयत बिगड़ने से उसे नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। यहां तत्काल ऑपरेशन के बाद गर्भवती की जान बचाई जा सकी। पीड़िता के पेट में अंदरुनी चोट से गर्भपात होने की बात सामने आई है। पीड़िता के बयान के बाद पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली तीन महिलाओं पर केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
मामला खातीपुरा का है। यहां रहने वाली कुसुम वर्मा की शिकायत पर रानीबाई, उसकी बहू विनीता और देवरानी आरती पर 316, 294 और धारा 34 के तहत केस दर्ज किया है। पीड़िता ने बताया कि 31 मई की रात को विवाद में तीनों ने उसके साथ झूमाझटकी की थी। धक्का लगने से वह गिर गई थी। इस दौरान उसे दर्द हुआ। लेकिन वह सहन कर गई। 4 जून की रात उसकी अचानक तबीयत बिगड़ी जिसमें पति नरेन्द्र वर्मा उसे बापट चौराहा स्थित नाहर अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टर ने चेकअप के बाद ऑपरेशन करने की सलाह दी। ऑपरेशन के बाद गर्भ में जुड़वां बच्चों की मौत की बात सामने आई।

पानी गिरने की बात पर हुआ था विवाद

कुसुम के पति नरेन्द्र ने बताया कि तीनों आरोपी महिलाएं उनकी पड़ोसी हैं। जो आए दिन घर के बाहर पानी फेंक दिया करती थीं। 31 मई की रात उनकी 65 साल की दादी राजकुमारी उर्फ रंजन पैदल घर आ रही थी। पानी फैला होने के चलते उनका पैर फिसल गया। जिसे लेकर छोटे भाई सुरेन्द्र की पड़ोसियों से कहासुनी हो गई। इस दौरान विवाद में तीनों महिलाएं आईं और दरवाजे के यहां खड़ी पत्नी कुसुम के साथ धक्कामुक्की कर उसे गिरा दिया। जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। पुलिस ने सोमवार को तीनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया।