कांग्रेस के आधे से अधिक महापौर प्रत्याशी फाइनल

मुहर लगना बाकी, आज रात तक जारी हो सकती है सूची, इंदौर से संजय शुक्ला, भोपाल विभा पटेल, उज्जैन महेश परमार, खंडवा लक्ष्मी यादव, बुरहानपुर गौरी शर्मा जबलपुर अन्नू का नाम

देवास पर मंथन, ग्वालियर- मुरैना में पेच फंसा

ब्रह्मास्त्र भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने 16 में से आधे से अधिक नगर निगम में महापौर पद के प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर दिए हैं। बाकी पर घमासान मचने लगा है। पहला विवाद ग्वालियर से सामने आया है। यहां कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार की पत्नी शोभा सिकरवार का नाम महापौर प्रत्याशी के लिए आया है। इसके बाद जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने पत्नी रीमा का नाम आगे कर दिया है। अब इस पर फैसला आज देर रात कमलनाथ खुद करेंगे। देवास के नामों पर मंथन जारी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ द्वारा आज बुलाई गई बैठक के बाद संभावना है कि कांग्रेस आज देर शाम सभी महापौर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर देगी।
भोपाल से मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल का नाम तय हुआ है। इंदौर से विधायक संजय शुक्ला और जबलपुर से जिला अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू को टिकट दिया जा रहा है। सागर से पूर्व विधायक सुनील जैन की पत्नी निधि जैन को प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया जा चुका है।उज्जैन से तराना विधायक महेश परमार का नाम भी लगभग तय है। मुरैना में शारदा सोलंकी और अर्चना मालवीय में से एक नाम तय होना है, तो रीवा में अजय मिश्रा के नाम पर सहमति बन रही है।

विधायक की पत्नी सहित दो नाम

मुरैना में प्रभारी ने अपनी रिपोर्ट में पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र सोलंकी की पत्नी शारदा सोलंकी का नाम प्रस्तावित किया है, लेकिन अम्बाह से विधायक कमलेश जाटव ने अपनी पत्नी आरती चौधरी जाटव का नाम आगे बढ़ाकर पेंच फंसा दिया है। इस पर अंतिम फैसला कमलनाथ लेंगे।

खंडवा से लक्ष्मी यादव का नाम

खंडवा और बुरहानपुर नगर निगम के महापौर पद के प्रत्याशी के लिए पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव से नाम मांगे गए थे। उन्होंने खंडवा से लक्ष्मी यादव और बुरहानपुर से पूर्व निगम अध्यक्ष गौरी शर्मा का नाम प्रस्तावित किया है। इस पर कमलनाथ की मुहर लगना अभी बाकी है।
लक्ष्मी यादव नगर परिषद छनेरा (नया हरसूद) में अध्यक्ष रह चुकी हैं।