गंगा दशहरा : 10 लोगों की गंगा नदी में डूबने से मौत

ब्रह्मास्त्र फरुखाबाद। गंगा दशहरा पर स्नान करते समय 10 लोगों की डूबकर मौत हो गई। छह शवों की शिनाख्त हो गई है। अभी चार की शिनाख्त में पुलिस जुटी है। दरअसल, गुरुवार को दो लोगों के डूबने की सूचना पर गोताखोर गंगा में उतरे तो टीम को अंदर से 10 लोगों की डेड बॉडी मिली। मृतकों में फरुर्खाबाद के 3, मैनपुरी के दो और बदायूं के एक लोग की शिनाख्त हुई है। फरुर्खाबाद के जटवारा जदीद के रहने वाले अमित यादव उर्फ बाबा (18 साल) गुरुवार सुबह दोस्त दरीबा पश्चिम निवासी गोविंद यादव (17) के साथ पांचाल घाट पर गंगा में नहाने गया था। दोपहर तक जब दोनों घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने खोजबीन की। इनकी साइकिल पांचाल घाट पर मिली। खोजबीन की गई, तो दोनों के शव गंगा में बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि गोविंद और अमित की खोजबीन के दौरान गंगा में चार और शव बरामद हुए। इनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। इन शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है।