संजय दत्त अरसे बाद आएंगे इंदौर] रणबीर कपूर और वानी कपूर भी 24 को आएंगे

इंदौर। संजय दत्त 24 जून को इंदौर आएंगे। उनके साथ रणबीर कपूर, वानी कपूर और डायरेक्टर करण मल्होत्रा भी आएंगे। सभी कलाकार 22 जुलाई को रिलीज होने जा रही फिल्म शमशेरा के प्रमोशन के लिए आ रहे हैं।

कोरोना के बाद पहली बार इंदौर आ रही बड़ी स्टार कास्ट

फिल्म में रणबीर कपूर शमशेरा के पॉजीटिव रोल में और संजय दत्त शुद्ध सिंह के निगेटिव कैरेक्टर में नजर आएंगे। कोरोनाकाल के बाद यह पहला मौका है जब इंदौर में बड़े सितारे आ रहे हैं। इससे पहले संजय दत्त फिल्म कलंक की शूटिंग के लिए इंदौर आए थे। इंदौर का खाना उन्हें खासा पसंद आया था और शूटिंग के बाद उनके लिए सेट पर बनाए जाने वाले डिनर के अलावा स्पेशल डिशेस बुलवाई जाती थीं। फिल्म की शूटिंग लालबाग में हुई थी।

रणबीर का डबल रोल

प्रोडक्शन हाउस यशराज फिल्म्स और रणबीर कपूर दोनों के लिए यह फिल्म महत्वपूर्ण है, क्योंकि यशराज की लगातार दो फिल्में बुरी तरह पिटी हैं। रणबीर भी 2018 में आई संजू के बाद पहली बार बड़े परदे पर नजर आएंगे। यह रणबीर की दोहरी वापसी है। इसमें वे डबल रोल में नजर आएंगे। शमशेरा 19वीं सदी की पृष्ठभूमि पर बना एक डेकॉइट ड्रामा है। 2018 में अनाउंस हुई यह फिल्म दिसंबर 2019 में रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन कोरोना के चलते जून 2021 में रिलीज रीशेड्यूल किया गया। इस बार भी सेकंड वेव के चलते फिल्म सिनेमाघरों तक नहीं पहुंची। अब यह 22 जुलाई 2022 को रिलीज होगी।

Author: Dainik Awantika