इंदौर में 170 करोड़ी शुक्ला के सामने भार्गव की संपत्ति 1 % से भी कम

भाजपा महापौर प्रत्याशी के पास सिर्फ 1 कार, जमीं- आसमां का फर्क है दोनों में

ब्रह्मास्त्र इंदौर। कांग्रेस के महापौर पद के प्रत्याशी संजय शुक्ला अरबपति हैं। नामांकन भरने के दौरान उन्होंने शपथ पत्र में 170 करोड़ की संपत्ति होना बताया। वहीं शनिवार को भाजपा के उम्मीदवार पुष्यमित्र भार्गव ने भी अपना नामांकन जमा कर दिया। उनके पास सवा करोड़ की संपत्ति है। जो शुक्ला की संपत्ति के मुकाबले एक प्रतिशत से भी कम है। लेकिन अगर शिक्षा की बात करें तो इस मामले में शुक्ला के मुकाबले भार्गव कहीं ज्यादा अमीर है।
कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला केवल 12वीं कक्षा तक पढ़े हैं। जबकि, पुष्यमित्र भार्गव ने देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी से बीए, एलएलबी, एलएलएम (बिजनेस लॉ) किया है। भार्गव ने मुंबई के एशियन स्कूल ऑफ साइबर लॉ से डिप्लोमा और इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में डिप्लोमा भी किया है। उनकी पत्नी जूही भी वकील हैं।

75 गाड़ियों के मालिक शुक्ला, भार्गव के पास सिर्फ एक कार

संजय शुक्ला 75 गाड़ियों के मालिक हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में उनके पास 50 गाड़ियां थीं। दूसरी ओर पुष्यमित्र के पास सिर्फ होंडा सिटी कार और उनकी पत्नी जूही के पास टोयोटा इटियोस कार है।

बैंक खातों की रकम में जमीन-आसमान का फर्क

संजय शुक्ला के पास 68 लाख रुपए से ज्यादा कैश और पत्नी अंजलि के पास 67 हजार रुपए कैश हैं। संजय के पास एफडी और अन्य जमा के रूप में बैंक में 3 करोड़, 14 लाख, 46 हजार, 975 रुपए और पत्नी के खाते में 7 लाख, 77 हजार, 963 रुपए जमा हैं। शुक्ला के पास 12 करोड़, 66 लाख, 80 हजार रुपए मूल्य का आवासीय भवन है।

भाजपा के पुष्यमित्र भार्गव के पास बैंक खातों, पॉलिसी, ज्वेलरी, दो कार, दो फ्लैट, एक आवासीय भूखंड आदि मिलाकर लगभग सवा करोड़ रुपए की संपत्ति है। भार्गव के दो बैंक खातों में 7 लाख 80 हजार रुपए जमा है। पत्नी जूही के दो खातों में कुल 95 हजार रुपए जमा है। भार्गव के पास दो पॉलिसी से 16 लाख रुपए का इंश्योरेंस कवर है। वहीं पत्नी के नाम कोई पॉलिसी नहीं है। बेटे संघमित्र का एक लाख रुपए का बीमा है। शुक्ला के पास 3 करोड़, भार्गव के पास 9 लाख के जेवर हैं। शुक्ला पर 50 करोड़ का कर्ज, भार्गव पर 26 लाख का है।