इंदौर में बैंक अफसर से दुष्कर्म मामले में बेटे के बाद उसके मां- बाप गिरफ्तार

रेस्त्रां संचालक के बेटे ने शादी का झांसा देकर बनाए थे शारीरिक संबंध, पिस्टल दिखा कर गोली मारने की दे रहा था धमकी

इंदौर। बैंक अफसर महिला से हुई दुष्कर्म की घटना में पुलिस ने रेस्त्रां संचालक और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के बेटे ने महिला से दुष्कर्म कर 40 लाख रुपये ऐंठ लिए थे। हालांकि वह जमानत पर रिहा हो चुका है। पीड़िता ने धारा 164 में आरोपित के माता-पिता को भी धमकाने में शामिल बताया था।
एमजी रोड निवासी एक महिला की शिकायत पर दो महीने पूर्व महिला थाना पुलिस ने बाणगंगा निवासी कौस्तुभ सिंगारे के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया था। महिला ने पुलिस को बताया कि वह राष्ट्रीयकृत बैंक में नौकरी करती थी तब आरोपित बैंक में आता था। उस वक्त महिला का पति से अलगाव चल रहा था। कौस्तुभ ने उसकी इस कमजोरी का फायदा उठाया और बातचीत करना शुरू कर दिया। उसे शादी का झांसा दिया और कहा कि पति से तलाक लेने के बाद वह उससे शादी कर लेगा। महिला पति से अलग हो गई। कौस्तुभ भंवरकुआं स्थित एक बदनाम होटल में ले गया और महिला से शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि कौस्तुभ के पिता कैलाश और मां वंदना ने भी झूठ बोला। उन्होंने अंगूठी दी और रिश्ता पक्का कर दिया। इसी दौरान कौस्तुभ बहाने बना कर 40 लाख रुपये ले गया। अपना काम निकलने के बाद कौस्तुभ ने शादी से इनकार कर दिया।

गोली मारने की धमकी देता था

महिला की शिकायत पर पुलिस ने दो महीने पूर्व ही कौस्तुभ को गिरफ्तार कर लिया ,लेकिन उसे जमानत मिल गई। वह महिला को पिस्टल का लाइसेंस स्वीकृत होने का बोल कर गोली मारने की धमकी भी देता था। आरोप है कि दुष्कर्म का केस दर्ज होने पर भी आरोपितों ने घर आकर धमकाया था।