मालवा-निमाड़ में वर्षा के साथ ओलावृष्टि, फसलें आड़ी हो गई

 

इंदौर। मालवा निमाड़ अंचल में रविवार- सोमवार रात मंदसौर, नीमच, धार के बदनावर क्षेत्र और रतलाम जिले में वर्षा के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे फसलें आड़ी हो गई। मंदसौर में सोमवार को प्रभारी मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव ने कलेक्टर गौतमसिंह के साथ बैठक कर तत्काल राजस्व दलों को सर्वे करने को कहा।
मंदसौर जिले में सोमवार सुबह तक कई क्षेत्रों में वर्षा हुई। इससे मंदसौर, मल्हारगढ़ व सीतामऊ तहसील के गांवों में संतरा, लहसुन, गेहूं सहित अन्य फसलों को नुकसान हुआ। कलेक्टर सिंह ने कहा कि सर्वे दलों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग करने के बाद ही नुकसानी का प्रारंभिक आकलन हो पाएगा। बदनावर में गेहूं की फसलें आड़ी हो गईं। करीब 250 बीघा की उद्यानिकी फसलों के प्रभावित होने की सूचना है। ग्राम तिलगारा के किसानों ने बताया कि ओले गिरने से स्ट्राबेरी के फल टूटकर बिखर गए हैं। श्योपुर में आठ घंटे तक बारिश, ओले भी गिरे।

Author: Dainik Awantika