राजगढ़ में पकड़ाई नकली दूध की फैक्ट्री

सावधान…कहीं आपके शहर में भी तो नहीं बंट रहा यह सफेद जहर..!

राजगढ़। अगर आप दूध पी रहे हैं, तो जरा संभल के। ये आपको कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी तक दे सकता है। यहां नकली दूध की फैक्टरी पकड़ी है। दूध बनाने के लिए खतरनाक केमिकल का उपयोग किया जा रहा था। नकली दूध फैक्टरी का संचालक ग्रेजुएट है। उसने दूध बनाने का तरीका यूट्यूब से सीखा है। मुनाफा भी 200% से ज्यादा था। इस दूध को वह प्लांट में खपाता था। इस तरह का नकली दूध यानी सफेद जहर न जाने और किन-किन शहरों में बंट कर लोगों के जीवन पर खतरनाक असर डाल रहा होगा।
राजगढ़ से 15 किलोमीटर दूर खैरासी गांव, जिसकी आबादी एक हजार 476। एक डेयरी हेमराज (23) कारपेंटर चलाता है। गांव के लोग मवेशियों का दूध निकालकर यहां बेचते हैं। आसपास के ग्रामीणों से दूध खरीदने के बाद उसे एकत्रित कर प्लांट भेजा जाता है। हेमराज ने करीब 6 महीने पहले दूध डेयरी शुरू की थी। वह जल्दी अमीर बनना चाहता था।
एक दिन उसने यूट्यूब पर पैसे कमाने के लिए नकली दूध बनाने वाला वीडियो देखा। उसके मन में नकली दूध बनाने का आइडिया जम गया। दूध डेयरी होने से उसे यह आसान भी लगा। पहली बार नकली दूध बनाया। हालांकि, पहली बार में दूध अच्छा नहीं बना। वह धीरे-धीरे प्रैक्टिस करता रहा। कुछ दिन में नकली दूध को मार्केट में सप्लाई कर दिया। दूध लेने वाले असली-नकली की पहचान तक नहीं कर पाए। इससे हेमराज की झिझक खत्म हो गई।