भए प्रकट कृपाला, दीनदयाला, जन्मे प्रभु श्रीराम, बधाई गीतों से गूंज उठा अंचल

सुसनेर। कौशल्यानंदन भगवान राम के प्राकट्य दिवस राम नवमी का उल्लास चारों तरफ छाया हुआ है। गुरूवार दोपहर को घड़ी में जैसे ही सुई का कांटा 12 बजे पर ठहरा, वैसे ही शुक्रवारिया चौराहै स्थित श्री राम जानकी मंदिर में घंटे-घड़ियाल और शंख ध्वनि गूंज उठी।श्रीराम भक्त भए प्रकृट कृपाला दीन दयाला, गाकर झूमने लगें। मंगलकारी रवि-पुष्य, सर्वार्थसिद्धि और रवियोग के त्रिवेणी संयोग में मयार्दा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्म की आरती की गई। नगर के श्रीराम मंदिर धर्मशाला में स्थित राम मंदिर में सामूहिक पूजन के साथ आरती की गई। बाद में प्रशादी का वितरण किया गया। चैत्र नवरात्र के समापन के अंतिम दिन श्रद्धालु भगवान राम और हनुमान की आराधना में लीन रहे। लोगो ने अपने निकटस्थ मंदिरों में जाकर भगवान राम की आरती में भाग लिया। जिन लोगों ने नवरात्रा स्थापना के दिन अपने घरों में अखंड पाठ तथा रामचरितमानस कथा पाठ का आयोजन किया था उन्होंने भी आज अपने अपने घरों में देवीस्वरूपा नन्ही देवियों को बुलाकर अपने घर खाना खिलाकर उनका आवभगत की। मंदिरों में भगवान राम, हनुमान तथा देवी की प्रतिमाओं को पंचगव्य से स्नान कराकर उनका श्रंगार कर सजाया गया। श्री राम जन्मोत्सव फूल माली समाज सुसनेर के द्वारा धूमधाम से मनाई गई। गुरूवार को नगर सुसनेर के इतवारिया बाजार स्थित माली समाज के मंदिर से एक शोभायात्रा निकाली गई।
महिदपुर। श्रीराम नवमी के अवसर पर आंजना समाज तहसील महिदपुर द्वारा आंजना समाज के आराध्य राजारामजी महाराज की जयंती के अवसर पर चल समारोह निकाला गया। जिसका जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि जितेंद्र (जीतू) मंडोरा द्वारा स्थानीय अंबेडकर चौराहा पर चल समारोह का पुष्प वर्षा कर स्वागत कर श्रीरामनवमी की शुभकामनाएं दी। साथ ही चल समारोह में सम्मिलित जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री कमल पटेल एवं आंजना समाज के अध्यक्ष एवं स्थानीय आंजना समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं का स्वागत किया। स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष अरुण बुरड़, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सगीर बैग पार्षदगण सर्वश्री कैलाश बगाना, बाबा नागौरी, रईस कुरैशी, इकबाल नागोरी, राधेश्याम गोलवीय, दिनेश गरासिया दिनेश बारोट, मुबारिक मुल्तानी शेरसिंह उमठ, शकील पाकीजा, सुमन सोनगरा, दिनेश बघेल, मुकेश वलुंजना, कमलसिंह चौहान आदि उपस्थित थे।
देवास। रामनवमी के अवसर पर जिले के हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्र में सेंधव राजपूत समाज द्वारा शौर्ययात्रा निकाली गई। इस शौर्य यात्रा में 70 गांवों के 5 हजार से अधिक समाज बंधुओं ने हिस्या लिया। शौर्ययात्रा को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्र में तेज हो गई है। राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चा ने जोर पकड़ लिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर इस शौर्य यात्रा के माध्यम से हिंदूवादी नेता रायसिंह सेंधव ने अपनी ताकत दिखाई है। धार्मिक यात्राएं तो हाटपीपल्या में निकलती रहती हैं, लेकिन जिस भव्य पैमाने पर यह शौर्य यात्रा निकाली गई है, उसको देखकर ऐसा लगने लगा है कि कहीं न कहीं इस बार विधानसभा चुनाव में रायसिंह सेंधव अपनी प्रबल दावेदारी प्रस्तुत करने जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि रायसिंह सेंधव समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आए हैं तो भाजपा संगठन के लिए भी लगातार काम करते रहे हैं। हर बार उन्होंने चुनाव के समय संगठन स्तर पर जो आदेश मिला, उसका पूरी निष्ठा के साथ पालन किया। उन्हें समय-समय पर आश्वासन भी मिलते रहे। इसी का परिणाम है कि शायद सेंधव इस बार हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्र से मजबूत दावेदारी प्रस्तुत कर सकते हैं। इस शौर्य यात्रा को भी राजनीतिक हलकों में इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। शौर्ययात्रा की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हाटपीपल्या स्थित सेंधव छात्रावास से निकाली गई यह शौर्ययात्रा जब देवगढ़ चौराहे पर पहुंच गई थी, तो उसका अंतिम हिस्सा छात्रावास में ही था। शौर्ययात्रा हाटपीपल्या के प्रमुख मार्गों से निकाली गई, जिसमें शामिल हजारों समाज बंधुओं ने अपने आराध्य भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए। वहीं भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित झांकियां भी बनाई गई थी। शौर्ययात्रा का मार्ग में सैकड़ों मंचों से हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। शौर्ययात्रा में कई राजनेता एवं समाज के बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हुए। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी शौर्ययात्रा का स्वागत किया। नगर की सड़कें फूलों से पट गई थीं। संभवत: नगर में पहली बार इतनी बड़ी शौर्ययात्रा निकाली गई। इस शौर्ययात्रा को देखकर सब यही कयास लगा रहे थे कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर लगता है सेंधव समाज एकजुट हो गया है। शौर्ययात्रा में सेंधव समाज के प्रमुख दलों से जुड़े नेता शामिल हुए और उन्होंने एक मंच पर बैठकर यात्रा का नेतृत्व किया। यह देखकर राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट शुरू हो गई।
फोटो क्रमांक 002

Author: Dainik Awantika