आरडी गार्डी मेडिकल छात्रों के बीच हुआ विवाद

उज्जैन। बीती रात आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के छात्रों में विवाद हो गया। एक छात्र के घायल होने पर पुलिस ने देर रात मेडिकल कराने के बाद तड़के प्रकरण दर्ज किया। शाम को दूसरे पक्ष ने थाने पहुंचकर क्रास रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस अब दोनों पक्षों की जांच कर रही है।
शिवांश पेराडाईज कालोनी में रहने वाला प्रवीण कुमार पिता प्रमोद मिश्रा 24 वर्ष मूलरूप से द्वारिका नगर का रहने वाला है और आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज से डॉक्टरी की पढ़ाई कर रहा है। रात डेढ़ बजे उसके साथ कालोनी की गली में कॉलेज के सिनियर छात्रों ने मारपीट की। घायल होने पर उसे साथियों ने उपचार के लिये अस्पताल पहुंचाया। मामले की जानकारी लगने पर चिमनगंज थाना पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर 2 सिनियर छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। सुबह अपने खिलाफ शिकायत होने का पता चलने पर कॉलेज की छात्रा अपने साथियों के साथ चिमनगंज थाने पहुंची और प्रवीण के साथ उसके साथियों के खिलाफ छेड़छाड़ और विवाद करने का प्रकरण दर्ज करा दिया। एएसआई मनोहरसिंह सेंधव ने बताया कि क्रास प्रकरण दर्ज होने पर मामले की जांच की जा रही है।

Author: Dainik Awantika