इंदौर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हुई बारिश

शाम को चली तेज हवा, बिजली भी चमकी
दैनिक अवन्तिका  इंदौर
इंदौर के कई इलाकों में शनिवार दोपहर गरज चमक के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने पहले ही इसकी संभावना जताई थी। शाम के समय इंदौर में तेज हवा चलने की भी संभावना जताई जा रही है।
शुक्रवार को सुबह इंदौर में हल्की गर्मी रही और दोपहर बाद हल्के बादल छाए। शुक्रवार को पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी हवा 18 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। इस कारण दिन के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी देखने को नहीं मिली और अधिकतम तापमान सामान्य से दो कम 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक कम 24.6 डिग्री दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण बदल रहा मौसम
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में दक्षिण पश्चिमी राजस्थान पर एक चक्रवाती हवा का घेरा बना हुआ है। उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। एक चक्रवाती घेरा पंजाब व उसके आसपास सक्रिय है। इस वजह से अभी इंदौर में अरब सागर से नमी आ रही है। इस वजह से इंदौर में शनिवार को दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बारिश हुई।

Author: Dainik Awantika