जबलपुर से प्रियंका गांधी का मध्यप्रदेश में चुनावी शंखनाद, 101 ब्राह्मणों के साथ नर्मदा पूजन

ब्रह्मास्त्र जबलपुर

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज जबलपुर में हैं। वे इस साल के अंत में होने वाले एमपी विधानसभा चुनाव का शंखनाद करने आई हैं। प्रियंका ने सबसे पहले ग्वारीघाट पर 101 ब्राह्मणों के साथ 20 मिनट तक नर्मदा पूजन किया। उनके साथ पीसीसी चीफ कमलनाथ समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता हैं। पुलिस को प्रियंका की सुरक्षा को लेकर खतरे का इनपुट भी मिला है। एएसपी समर वर्मा के मुताबिक विशेष सतर्कता के चलते 200 अफसर और जवान सुरक्षा में तैनात किए गए हैं।

महाभारत, सनातन धर्म के 300 वीडियो तैयार, इन्हीं से प्रचार
कांग्रेस की चुनावी कोर टीम ने 300 से अधिक वीडियो बनाए हैं, जो भगवान श्रीराम, महाभारत और सनातन धर्म से प्रेरित हैं। इन्हें जल्द सोशल मीडिया पर प्रचारित किया जाएगा। पूर्व वित्तमंत्री और विधायक तरुण भनोत ने कहा कि हम हिंदू हैं, लेकिन मूर्ख नहीं, जो भाजपा बनाना चाहती है। प्रियंका ग्वारीघाट पर पूजन और आरती करेंगी। फिर विजय शंखनाद-2023 रैली करते हुए शहीद स्मारक पर सभा लेंगी। रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माला चढ़ाएंगी।

Author: Dainik Awantika