यात्रीगृह संचालिका ने साधु के साथ की मारपीट

उज्जैन। परमधाम आश्रम में रहने वाले साधु के साथ यात्रीगृह चलाने वाली संचालिका और उसके पुत्रों ने शनिवार सुबह जमकर मारपीट की और बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
महाकाल पुलिस ने बताया कि स्वामी बोधानंद महाराज कहारवाड़ी में स्थित परमधाम आश्रम में पूजा-पाठ करता है। आश्रम के सामने ही शिवाशीष यात्रीगृृह का संचालन ममता पति कोमल खराड़ी उसके पुत्र अंकित खराड़ी द्वारा किया जाता है। ममता और उसके पुत्र अपने भांजे गौरव के साथ मिलकर शनिवार सुबह स्वामी बोधानंद के साथ उस समय मारपीट शुरू कर दी जब वह पूजा के लिए फुल लेने के लिए जा रहा था। तीनों ने पहले तो उसे आश्रम के बाहर ही लाकर पीटा और उसे खींचते हुए अपने यात्रीगृह ले गए और वहां चैनल बंद कर उसके साथ मारपीट की। स्वामी का शोर सुनकर आसपास के रहवासियों ने पुलिस को सूचना दी थी। जिस पर महाकाल थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्वामी बोधानंद को मुक्त करवाया। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं स्वामी बोधानंद को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है। घायल ने पुलिस को बताया कि तीनों आरोपित उससे पुरानी रंजिश रखते है। इस वजह से उस पर हमला किया गया है।

Author: Dainik Awantika