10 जुलाई को महाकाल की पहली सवारी, 3 घंटे पहले बंद होंगे मार्ग

उज्जैन। कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने बुधवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में आगामी श्रावण-भादौ मास – 2023 में भगवान महाकाल के दर्शन व निकलने वाली सवारी और नागपंचमी पर्व पर की जाने वाली दर्शन व्यवस्था की समीक्षा हेतु बैठक की। उल्लेखनीय है कि श्रावण भादौ मास 4 जुलाई से प्रारंभ होकर 11 सितम्बर 2023 तक मनाया जायेगा।
बैठक में महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक संदीप सोनी द्वारा पावर पाइंट प्रजेन्टेशन के माध्यम से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी दी। बताया गया कि इस बार अधिकमास होने के कारण भगवान महाकालेश्वर की 10 सवारियाँ निकाली जायेंगी। आगामी 10 जुलाई को श्रावण मास की प्रथम सवारी निकाली जायेगी। आगामी 21 अगस्त सोमवार को नागपंचमी पर्व भी रहेगा तथा सवारी भी निकाली जायेगी और 11 सितम्बर को शाही सवारी निकाली जायेगी। बैठक में जानकारी दी गई कि श्रावण-भादौ मास में भगवान महाकालेश्वर की भस्मार्ती 4 जुलाई 2023 से 11 सितम्बर 2023 तक प्रात: कालीन पट खुलने का समय प्रात: 3 बजे होगा तथा प्रत्येक सोमवार प्रात: 2.30 बजे होगा। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं तथा स्थानीय श्रद्धालुओं के वाहनों के लिये पार्किंग स्थल सुनिश्चित किये जाये। बैरिकेटिंग व्यवस्था माकूल हो। बैठक में तय किया कि सवारी के 3 घण्टे पहले बैरिकेटिंग पूरी कर ली जाये तथा इसके अनुसार ट्रैफिक व्यवस्था की जाये।