भाजपा से पूर्व विधायक ध्रु्व प्रताप समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल

मुख्यमंत्री शिवराज को धृतराष्ट्र, विधायक संजय पाठक को दुर्योधन बताया, वीडी लेविश लाइफ में मस्त

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पहले मध्यप्रदेश में दलबदल की सियासत तेज होती जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी के बाद अब कटनी जिले में भाजपा से विधायक रह चुके ध्रुव प्रताप सिंह और कद्दावर नेता शंकर महतो ने कांग्रेस जॉइन कर ली। दोनों ने कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और डॉ. गोविंद सिंह की मौजूदगी में शुक्रवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। ध्रुव कटनी जिले की विजयराघवगढ़ सीट से विधायक रह चुके हैं, जबकि शंकर महतो बहोरीबंद के कद्दावर नेता में गिने जाते हैं।
ध्रुव प्रताप सिंह ने कहा, ‘5 साल से भाजपा अपनी मूल विचारधारा से हट चुकी है।’ उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा पर हमला करते हुए कहा हर कि वीडी शर्मा अपनी लेविश लाइफ में मस्त हैं।’
पूर्व विधायक ने विजयराघवगढ़ से मौजूदा भाजपा विधायक संजय पाठक के लिए कहा, ‘आपको महाभारत की जानकारी तो है। महाभारत में एक पात्र थे दुर्योधन, जो कि विजयराघवगढ़ के विधायक हैं। ऐसे दुर्योधन हमारे ख्याल से मध्यप्रदेश के सभी जिलों में मिलेंगे। आज की महाभारत में दुर्योधन तो बढ़ गए हैं, लेकिन धृतराष्ट्र एक ही है, जो भोपाल में बैठे हैं। उनकी आंखों में पट्टी बंधी है।