पत्नी की साड़ी का फंदा बनाया और लगा ली फांसी

उज्जैन। रात में नशा कर घर पहुंचे पति को शराब पीने से पत्नी ने मना किया। पति ने उसके साथ विवाद किया। बच्चे बीच-बचाव में आये तो सभी को घर से बाहर निकाल दिया और दरवाजा बंद कर लिया। सुबह पुत्र जगाने पहुंचा तो पिता को फंदे पर लटका पाया।
नीलगंगा थाना एसआई महेन्द्र मकाश्रे ने बताया कि शनिवार सुबह एकतानगर में रहने वाले राजमल उर्फ राजू कहार 48 वर्ष का शव फंदे पर लटका होने की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी। परिजनों ने बताया कि नशा कर देर रात घर लौटे थे। पत्नी ने शराब पीकर घर आने से मना किया, जिसके चलते राजू ने विवाद किया और घर से बाहर निकाल दिया। पत्नी बच्चों के साथ समीप रहने वाले रिश्तेदारों के यहां चली गई। राजू आये दिन शराब पीता था और विवाद करता था। सुबह नशा उतरने का सोचकर बेटा बलराम पिता को देखने के लिये पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था, उसने आवाज लगाई, लेकिन पिता ने दरवाजा नहीं खोला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। आसपास के लोगों को बुलाकर तोड़ गया। राजू फंदे पर लटका मिला। उसने रात में दरवाजा बंद करने के बाद पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। शव को बरामद कर मामले में मर्ग कायम किया गया। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिये परिजनों को सौंपा गया। मृतक मजूदरी करता था और नशे का आदी हो चुका था।