संपत्ति कर, भवन अनुज्ञा शुल्क में वृद्धि का विरोध करेगी कांग्रेस

 

बजट में कोई कर नहीं लगा वाहवाही लूट ली , और अब गुपचुप तरीके से बढ़ा रहे टैक्स

इंदौर। कांग्रेस ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर बहुमत का दुरुपयोग करते हुए मनमाने तरीके से संपत्ति कर, भवन अनुज्ञा शुल्क में वृद्धि का आरोप लगाया है। कांग्रेस इसका विरोध करते हुए 3 जुलाई को महापौर का घेराव करेगी। निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए आवाजाही के रास्ते बंद कर कर दिए जाएंगे। जनता को सुविधा देने के बजाय कर का बोझ लादने के महापौर के प्रयासों को सहन नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस का कहना है कि चालू वित्त वर्ष का निगम बजट प्रस्तुत करते हुए महापौर ने भाषण में घोषणा की थी कि निगम द्वारा किसी प्रकार का कोई नया कर नहीं लगाया जा रहा है और किसी कर की दर में वृद्धि नहीं की जा रही है। इसके बाद गुपचुप तरीके से 531 कालोनियों में संपत्ति कर की दर में वृद्धि कर दी गई। दूसरी तरफ भवन अनुज्ञा शुल्क दोगुना कर दिया गया। नगर निगम परिषद जनता को सुविधाएं देने में पूरी तरह से असफल है।
जनहित के काम करने में यह परिषद पूरी तरह से असफल रही है। जो काम किए जा रहे हैं वे भी इतनी लापरवाही से किए जा रहे हैं की मौत की वजह बन रहे हैं। हाल ही में इदरीस नगर में हुई घटना इसी का परिणाम है। संपत्ति कर की दर में वृद्धि करते हुए निगम परिषद ने इन कालोनियों के रहवासियों के साथ विश्वासघात किया है। रहवासी खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
नगर निगम द्वारा अब तक जितनी भी कालोनियों को वैध घोषित किया गया उनमें से एक भी कालोनी के एक भी मकान का नक्शा स्वीकार नहीं किया गया है। निगम के कागजों पर भले ही कालोनी वैध हो गई लेकिन उनमें बने मकान अब भी अवैध ही हैं।