भोपाल में बोले मोदी – तीन तलाक का इस्लाम से संबंध नहीं, एक घर दो कानून से नहीं चल सकता

 

यूनिफॉर्म सिविल कोड पर ‌‌‌भ्रम दूर करेगी भाजपा, भोपाल में 5 वंदे मातरम को दिखाई हरी झंडी, भाजपाइयों को दिया जीत का मंत्र

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भोपाल में कहा कि तीन तलाक से इस्लाम का कोई संबंध नहीं है। इसकी वकालत करने वाले वोट बैंक के भूखे हैं। यूनिफॉर्म सिविल कोड पर भड़का रहे हैं। एक घर दो कानूनों से नहीं चल सकता। यूनिफॉर्म सिविल कोड पर ‌‌भाजपा भ्रम दूर करेगी। बिहार में विपक्षी दलों की बैठक पर कहा कि इन सभी दलों के घोटालों को मिला दिया जाए, तो 20 लाख करोड़ के घोटाले की गारंटी है।
प्रधानमंत्री भोपाल में मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में इसी साल होने वाले विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने आए थे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में मेरा बूथ, सबसे मजबूत अभियान के तहत 543 लोकसभाओं के 10 लाख और मध्यप्रदेश के 64,100 बूथ के कार्यकर्ताओं को डिजिटली संबोधित किया। यहां सभी राज्यों के विधानसभा क्षेत्रों से 3 हजार कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से देश में 5 नई वंदे भारत ट्रेन की भी शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने 1 घंटा 52 मिनट भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसकी खास बात यह रही कि पहली बार उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पूछे गए सवालों का विस्तार से जवाब देते हुए अपनी बात कही।
प्रधानमंत्री मोदी ने मध्यप्रदेश की दोनों वंदे भारत ट्रेन से रवाना हुए स्टूडेंट्स को हाथ हिलाकर बाय कहा। साथ में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, सीएम शिवराज, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘भाजपा की सबसे बड़ी ताकत आप सभी कार्यकर्ता हैं। आप सिर्फ बीजेपी ही नहीं, आप सब सिर्फ दल ही नहीं, देश के संकल्पों के सिद्धी के भी मजबूत सिपाही हैं।’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘भाजपा की सबसे बड़ी ताकत आप सभी कार्यकर्ता हैं। आप सिर्फ बीजेपी ही नहीं, आप सब सिर्फ दल ही नहीं, देश के संकल्पों के सिद्धी के भी मजबूत सिपाही हैं।’

इनका शोषण इनके धर्म के एक वर्ग ने किया

पसमांदा मुस्लिम भाई-बहन हैं। वोट बैंक की राजनीति करने वालों ने इनका तो जीना मुश्किल करके रखा है। वे तबाह हो गए, कोई फायदा नहीं मिला। कष्ट में गुजारा करते हैं। उनकी आवाज सुनने के लिए कोई तैयार नहीं।

घोटालों में विपक्ष का मीटर डाउन नहीं होता

2014, 2019 का हाल याद है न। भाजपा के कोर विरोधी दलों में दोनों चुनाव में इतनी छटपटाहट नहीं दिखी, जितनी आज दिख रही है। 2024 में फिर एक बार भाजपा की प्रचंड विजय तय है। इसी वजह से ये सारे विपक्षी दल बौखलाए हुए हैं। आजकल एक नया शब्द गारंटी बहुत पॉपुलर किया जा रहा है। सारे दलों का घोटाला मिला लिया जाए तो 20 लाख करोड़ के घोटाले की गारंटी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब मंच पर कहा कि वे आज कार्यकर्ताओं के सवालों के भी जवाब देंगे, तो भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने तालियों से स्वागत किया।
गुजरात की भाजपा कार्यकर्ता हेतलबेन जानी ने मोदी से सवाल किया कि भाजपा के खिलाफ कई दल एकजुट होकर लड़ने की कोशिश कर रहे हैं। आप इसे कैसे देखते हैं? इसके जवाब मेंं प्रधानमंत्री ने घोटालों और परिवारवाद पर बात कही।

महंगाई: जहां भाजपा सरकार, वहां पेट्रोल 100 रु. से कम

भारत में महंगाई दर नियंत्रण में है। हमारे पड़ोस में पाकिस्तान में महंगाई दर 38% से ज्यादा है। श्रीलंका में 25% से ज्यादा है। भारत में ये 5% से भी कम है। कोरोना के खिलाफ इतने समय से चले आ रहे युद्ध के बावजूद भारत में हमने महंगाई को बेकाबू नहीं होने दिया। कांग्रेस के समय एलईडी बल्ब 300-400 रुपए में बिकता था। भाजपा सरकार में 50-60 रुपए कीमत हो गई। गरीब और मध्यम वर्ग का बिजली का बिल करीब 20 हजार करोड़ रुपए कम हुआ है।
PM से राजस्थान के कार्यकर्ता रजित कछवाहा ने सवाल पूछा था- हम बूथों पर कैसे समझाएं कि भाजपा की योजनाओं के कारण उनकी बचत हो पा रही है?

वंदे भारत : मप्र, झारखंड, बिहार, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र की कनेक्टिविटी तेज हुई

प्रधानमंत्री ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से देश की 5 नई वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पीएम ने पहले रांची-पटना, धारवाड़-केएसआर बेंगलुरु और गोवा (मडगांव)-मुंबई को वर्चुअली लॉन्च किया। बाद में मध्यप्रदेश की दो वंदे भारत भोपाल-इंदौर और रानी कमलापति-जबलपुर को झंडी दिखाई। ये दोनों ट्रेन एक साथ रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से रवाना हुईं।उन्होंने कहा, ‘मुझे देश के 6 राज्यों को जोड़ने वाली पांच वंदे भारत ट्रेनों को एक साथ हरी झंडी दिखाने का अवसर मिला है।

इंदौर पहुंची वंदे भारत एक्सप्रेस

सीहोर से शुजालपुर के बीच 110 तो चंद्रावतीगंज से इंदौर के बीच 106 की स्पीड से दौड़ी

देश की सबसे तेज चलने वाली सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन दोपहर 3 बजकर 04 मिनट पर इंदौर पहुंची। ट्रेन के पहुंचने पर इंदौर स्टेशन जय श्री राम, मोदी..मोदी..मोदी और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह इंदौर-भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
सीहोर, शुजालपुर, मक्सी और उज्जैन स्टेशन पर ट्रेन का ढोल-ढमाके के साथ स्वागत किया गया । उज्जैन में स्वागत के लिए स्टेशन पर श्रद्धालुओं और नागरिकों की इस कदर भीड़ उमड़ी कि पैर रखने की जगह नहीं बची। उज्जैन स्टेशन पर ट्रेन करीब 20 मिनट रुकने के बाद इंदौर के लिए रवाना हुई। सीहोर से ट्रेन शुजालपुर के लिए जब रवाना हुई थी तो उसकी स्पीड 110 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। वहीं चन्द्रावती गंज से इंदौर के बीच ट्रेन की स्पीड 106 किमी प्रति घंटा रही।