नरसिंहपुर में 8.58 इंच बारिश से हालात बिगड़े

रेलवे-पुल की मिट्‌टी में कटाव:​​​​​​​ट्रेनें रोकना पड़ीं, भोपाल में बारिश

भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून सक्रिय होने के बाद तेज बारिश जारी है। 24 घंटे में नरसिंहपुर में 8.58 इंच पानी गिरने से हालात बिगड़ गए हैं। यहां जज के बंगले में पानी भर गया। करेली-नरसिंहपुर रेलवे ट्रैक पर बारुरेवा रेलवे पुल की मिट्‌टी में कटाव हो गया है।
नरसिंहपुर रेलवे स्टेशन मास्टर पीके स्वामी ने बताया कि इटारसी से जबलपुर आने वाली ट्रेनों को फिलहाल रोका गया है। जबलपुर से इटारसी की ओर जाने वाली ताप्ती और जनशताब्दी ट्रेन को 10 से 15 मिनट के लिए रोका गया। बाद में इन्हें स्लो स्पीड में पुल से रवाना कराया गया है। जिले के सभी नदी-नाले उफना गए हैं। शेढ़ बेलखेड़ी और झामर पुल पर पानी आ गया है। गोटेगांव – नरसिंहपुर मार्ग बंद है।
भोपाल में भी बुधवार सुबह 7.45 के बाद से रुक-रुक कर पानी गिर रहा है। इंदौर में भी तापमान गिरा हुआ है और धूप नहीं निकल रही है। छिंदवाड़ा में रातभर पानी गिरा और यह सिलसिला बुधवार को भी जारी है। जबलपुर में भी बादल छाए हुए हैं। मलाजखंड में 5.64, मंडला में 5.33 इंच, जबलपुर में 3.26 इंच बारिश पिछले 24 घंटे में हो चुकी है।
डिंडौरी में खरमेर नदी उफना गई है। डिंडौरी-मंडला पर रोड के रपटे से नदी का पानी जाने से यहां यातायात रोकना पड़ा है। शाहपुर से चौरा मार्ग में भी नदी उफान पर है।
नरसिंहपुर में पिछले 24 घंटे में 8.58 इंच पानी गिरने से हालात बिगड़ गए हैं। नदी नाले उफान पर हैं। शेढ़ बेलखेड़ी और झामर पुल पर पानी आ गया है। गोटेगांव – नरसिंहपुर मार्ग बंद है। उमरिया में सोन नदी की बाढ़ में बच्ची बह गई।

Box
देवास में माता टेकरी पर पहाड़ ढाका

देवास में माता टेकरी पर हनुमान मंदिर के पास मंगलवार रात 9 बजे पहाड़ धंस गया। रात होने से श्रद्धालु मौके पर नहीं थे। सबसे ज्यादा क्षति हनुमान मंदिर के एक तरफ के पिलर को हुई है। मां तुलजा भवानी मंदिर में मंगला आरती के मुख्य पुजारी महंत विनय नाथ पुजारी ने बताया कि यह साल की पहली घटना है। पूर्व में यहां टेकरी पर पत्थर धंसने की घटनाएं होती थी। इसे देखते हुए प्रशासन ने जाली लगाकर सुरक्षा की थी।