खरगोन में बोले नड्‌डा – नवंबर में गायब कर देना कमलनाथ का चैप्टर

मुख्यमंत्री के साथ रोड शो भी किया, कांग्रेस विधायक साधौ की बहन प्रमिला भाजपा में शामिल

खरगोन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने शुक्रवार को खरगोन में रोड शो किया। इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कारगिल का चैप्टर कमलनाथ सरकार ने बच्चों के सिलेबस से निकाल दिया था… इस तरह का काम कमलनाथ ने अपने कार्यकाल में किया था। ये हमारी सेना का अपमान है और अब नवंबर में आपको कमलनाथ का ही चैप्टर गायब कर देना है। नड्‌डा भाजपा की केंद्र सरकार के 9 साल पूरा होने पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने रोड शो किया।
नड्‌डा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार प्रदेश में आई तो उसने विकास की गंगा रोक दी। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने संस्कृति और रीति नीति को बदल डाला। देश और प्रदेश की भाजपा सरकारें जिम्मेदार हैं। दोनों प्रो-एक्टिव सरकार हैं। इससे पहले सीएम शिवराज ने खरगोन में मेडिकल कॉलेज खोले जाने और नवग्रह कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया। कॉरिडोर के लिए 21 करोड़ की राशि भी मंजूर की। कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक विजयलक्ष्मी साधौ की बहन प्रमिला साधौ भाजपा में शामिल हुई।
नड्‌डा ने कमलनाथ सरकार में हुए भष्ट्राचार को लेकर उन्हें घेरा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने कारगिल का चैप्टर प्रदेश के किताबों से निकाल दिया था। ये आर्मी का अपमान है। ये लोग (कांग्रेस) मोदीजी से एयर स्ट्राइक के सबूत मांगते हैं। नड्‌डा ने सपा, टीएमसी, आरजेडी समेत देश की तमाम पार्टियों का नाम लेकर कहा कि उनकी पार्टी में सिर्फ नेताओं के बच्चे ही आगे आ सकते हैं। पार्टी भी परिवार की पार्टी है। बाकि सब पैरोल पर हैं। एक तरफ कमलनाथ आपका मकान छीनता है दूसरी तरफ शिवराज आपको डबल देता है। लाड़ली लक्ष्मी योजना का पैसा खाते में मिलता है कि नहीं?

मुख्यमंत्री ने कहा-कांग्रेस बेटियों के शादी के पैसे खा गई

सीएम शिवराज ने कहा कि कांग्रेस बेटियों के पैसे खा गई। शादी करवाई लेकिन 51 हजार नहीं दिए। कमलनाथ बेटियों की डिलीवरी के लड्डू भी खा गए। कांग्रेस झूठ बोलती है। पिछली बार कहा था कि कर्जा माफ करेंगे कर्जा माफ हुआ क्या? कमलनाथ की झूठी कर्जा माफी की बात के कारण किसान पर ब्याज की गठरी चढ़ गई है। भाजपा ने किसान के ब्याज माफ करके उसकी गठरी उतारी है। भाजपा ने 56 करोड़ रुपए किसानों की ब्याज माफी का वादा पूरा किया है।

खरगोन में नड्‌डा का रोड शो, सीएम भी रहे मौजूद

जनसभा से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहा से सभा स्थल तक रोड शो किया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, सीएम शिवराज सिंह चौहान और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे।

भाजपा में शामिल हुई कांग्रेस विधायक की बहन

कांग्रेस विधायक विजयालक्ष्मी साधौ की बहन प्रमिला साधौ भाजपा में शामिल हो गई। उन्होंने कहा कि मेरा भाजपा में शामिल होने का निर्णय बहुत दिनों से डिले हो रहा था। पिताजी (सीताराम साधो) का बहुत बड़ा नाम है लेकिन उनको पीसीसी में आज तक श्रद्धांजलि भी नहीं दी गई। मैं चूंकि मेरे पिताजी के सिद्धांतों पर चलती हूं। प्रमिला साधौ कांग्रेस के पूर्व विधायक सीताराम साधो के बेटी हैं। सीताराम साधो 1952 से 1982 तक महेश्वर विधानसभा के विधायक रहे हैं। प्रमिला की बड़ी बहन विजयालक्ष्मी साधौ कमलनाथ सरकार में मंत्री रही हैं। विजयालक्ष्मी 1985 से अभी तक महेश्वर सीट से विधायक हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा शुक्रवार सुबह इंदौर के देवी अहिल्या बाई होलकर विमानतल पर पहुंचे थे। यहां पर सीएम शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने उनकी अगवानी की।

Author: Dainik Awantika