मारना पत्नी को चाहता था, बीच में ससुर आ गया

उज्जैन। सेठीनगर में पांच दिन पहले ससुर की हत्या करने वाले दामाद के जीजा को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। दामाद गिरफ्त से दूर बना हुआ है। उसके जीजा ने बताया कि मारना पत्नी को चाहता था, लेकिन बीच में ससुर और साला आ गये थे।
27 जून की रात सेठीनगर चौराहा पर रहने वाले अशोक रायकवार 60 वर्ष पर चाकू से हमला कर दामाद सुरेश ने हत्या कर दी थी। उसने अपने साले नरेन्द्र पर जानलेवा हमला भी किया था। घटना को अंजाम देने के बाद सुरेश कचंनपुरा में रहने वाले जीजा मानसिंह कश्यप के साथ बाइक पर सवार होकर भाग निकला था। जो सुरेश के साथ उसके ससुराल पहुंचा था। माधवनगर पुलिस ने मृतक अशोक रायकवार के घायल पुत्र नरेन्द्र की शिकायत पर सुरेश और उसके जीजा मानसिंह के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया था। पांच दिनों की तलाश के बाद रविवार को पुलिस ने मानसिंह को गिरफ्तार कर लिया। वह अपने घर आया था। पुलिस पूछताछ में उसका कहना था कि सुरेश शुजालपुर का रहने वाला है। उसकी पत्नी आरती उससे अलग पिता के यहां रहती थी, वह आये दिन पति सुरेश की शिकायत करती थी। पत्नी से सुरेश परेशान हो गया था। वह पत्नी को मारना चाहता था। घटना वाले दिन वह तलाक मांगने पहुंचा था, जहां विवाद होने पर पत्नी आरती ने उसकी शिकायत थाने पहुंचकर दर्ज करा दी थी। सुरेश कंचनपुरा आ गया था। जहां वह सुरेश के साथ उसके ससुराल सेठीनगर पहुंचे थे। जहां फिर से विवाद होने पर सुरेश ने सुसर पर चाकू से वार कर दिया था, बीच में नरेन्द्र के आने पर उसके भी चाकू मार दिये थे। गिरफ्त में आये मानसिंग को पुलिस ने दोपहर बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है। टीआई मनीष लोधा का कहना था कि हत्या का मुख्य आरोपी सुरेश फरार है, जिसकी तलाश जारी है। उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जायेगा।