वारदात के बाद बदमाशों ने कर लिया था रूपयों का बंटवारा

उज्जैन। भाजपा के पूर्व मंत्री के यहां हुई चोरी की वारदात का आज पुलिस खुलासा कर सकती है। वारदात करने वालों ने आपस में रूपयों का बंटवारा कर लिया था। जिसके चलते राशि पूरी बरामद नहीं हो पाई है। पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर चुराई 12 बोर की बंदूक बरामद की है।
10-11 मई की रात भाजपा के पूर्व मंत्री शिवनारायण जागीदार के नरवर थाना क्षेत्र स्थित पैतृक मकान ग्राम हरनावदा में चोरों ने पीछे की दीवार लांघकर लोहे की खिड़की तोड़ने के बाद 17 लाख रुपए नगद, 15 चांदी के सिक्के, 1 चांदी की पायल, 1 मूर्ति, एक चांदी का नारियल और 12 बोर की बंदूक चोरी कर ली थी। बडी वारदात होने पर एसपी सचिन शर्मा खुद मौके पर पहुंचे थे। नरवर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया था। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार वारदात को गुना-उज्जैन के पारदी गैंग ने अंजाम दिया था। जिसके कुछ सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। कुछ फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है। हिरासत में आये गैंग के सदस्यों से 5 लाख से अधिक राशि बरामद की जा चुकी है। वहीं 12 बोर की बंदूक भी जब्त की गई है। सूत्रों की माने तो वारदात के पहले रैकी की गई थी। अंजाम देने के बाद गैंग ने रुपए आपस में बांट लिये थे। बताया यह भी जा रहा है कि बंटावरे के बाद गैंग के प्रत्येक सदस्य के हिस्से में डेढ़ लाख से अधिक रुपए आये थे। बंटवारे के बाद कुछ राशि गैंग ने खर्च कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले का लेकर कुछ भी स्पष्ट कहने को तैयार नहीं है। संभावना है कि बदमाशों से कुछ ओर वारदातों का पता चल सकता है। संभवत: आज मामले का ाुलासा करने के बाद पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया जा सकता है।