इंदौर में ब्राह्मण समाज ने निकाली जबरदस्त रैली- आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को सरकार से छात्रवृत्ति देने की मांग

इंदौर। सर्व ब्राह्मण युवा परिषद ने रविवार को ब्राह्मण छात्रवृत्ति आंदोलन के तहत ‘अधिकार रैली’ निकाली। बड़ा गणपति चौराहे से जिंसी चौराहा होते हुए रैली लक्ष्मीबाई प्रतिमा चौराहे तक निकाली गई। रैली में समाजजन ने मांग की कि जैसे केंद्र सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर ब्राह्मणों को ईडब्ल्यूएस आरक्षण दिया है, वैसे ही राज्य सरकार इन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दे। रैली में हम अपना अधिकार मांगते, नहीं किसी से भीख मांगते समेत कई नारों के साथ हजारों ब्राह्मण सड़क पर उतरे। रैली का नेतृत्व छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले 74 मेधावी बच्चों ने किया।
रैली से पहले बड़ा गणपति मंदिर चाैराहे पर सभा का आयोजन हुआ। इसमें विप्र फाउंडेशन के संस्थापक सुशील ओझा, सर्व ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष पं. सत्यनारायण सत्तन और विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा ने लोगों को संबोधित किया। विधायक रमेश मेंदोला भी रैली में मौजूद थे। सुशील ओझा ने कहा कि मेधावी छात्रों को पढ़ने के लिए सड़कों पर तख्तियां लेकर चलना पढ़े, तो ऐसी सरकार पर धिक्कार है। बच्चों को पढ़ाना और छात्रवृत्ति देना सरकार का दायित्व है।

ब्राह्मण राजसत्ता पर बैठा सकता है तो उतार भी सकता है -सत्तन

सर्व ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सत्तन ने कहा कि ब्राह्मण आशीर्वाद और श्राप दोनों दे सकता है। अभी हम आशीर्वाद की भूमिका में है, यदि ब्राह्मण समाज के गरीब बच्चों के भविष्य की ओर ध्यान नहीं दिया गया तो हम राजसत्ता में किसी को बैठा भी सकते हैं और किसी को हटा भी सकते हैं। आंदोलन के संयोजक विकास अवस्थी ने बताया कि छात्रवृत्ति की मांग को लेकर पिछले दो महीने से प्रदेश स्तरीय आंदोलन चलाया जा रहा है। 5 अगस्त से ब्राह्मण जोड़ो यात्रा निकालेंगे। आंदोलन सफल होने पर यह आभार यात्रा का रूप लेगी।

यातायात पुलिस की उदासीनता से बिगड़ा ट्रैफिक

रैली में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने के बावजूद ट्रैफिक पुलिस उदासीन रही। रैली से पहले ट्रैफिक पुलिस ने कोई डायवर्शन प्लान नहीं किया। रविवार दोपहर करीब 11:30 बजे रैली निकलते ही बड़ा गणेश मंदिर चौराहे से जिंसी चौराहे की तरफ वाहनों को जाने दिया जा रहा था। रैली में लोगों के बीच तक वाहन पहुंच रहे थे। जाम लगने के बाद फिर ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों को वापस चौराहे तक लौटाया।

हर जगह दिखी ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही

बड़ा गणेश मंदिर से रैली निकलने के बाद जिंसी चौराहे पर बीच सड़क पर बस और ट्रक खड़े रहे और सड़क के किनारे बड़ी संख्या में मनमानी पार्किंग बनी रही। इससे ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ। इसके अलावा शंकरगंज चौराहे पर रांग साइड होकर वाहन सवार आ रहे थे। यहां ट्रैफिक पुलिस का कोई जवान मौजूद नहीं था। इसके बाद अंतिम समय तक ट्रैफिक पुलिस लापरवाह रही। लक्ष्मीबाई प्रतिमा चौराहे पर जिस लेन में रैली खड़ी थी, उसी लेन में बाकी वाहनों को भी जाने दिया जा रहा था, जिससे कोई हादसा हो सकता था।