महुपूरा पुल की ऊंचाई बढ़ेगी, बारिश में नहीं होगा रास्ता बंद

शाजापुर। शहर में बुधवार को कलेक्टर एवं नगरपालिका अध्यक्ष ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर महुपूरा पुल की ऊंचाई बढ़ाने, शहरी हाईवे पर पौधारोपण और पीडब्ल्यूडी के पुराने भवन पर पार्किंग स्टैंड और कांप्लेक्स बनाने की योजना बनाई। इसके अलावा सब्जी मंडी में नगर पालिका के द्वारा बनाए गए कांप्लेक्स की दुकानों की नीलामी पर भी चर्चा हुई।

शहरी हाईवे पर किया पौधारोपण, फूलों की खुशबू से महकेगा…

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने आज नगरपालिका अध्यक्ष प्रेम जैन, नगरपालिका के पार्षदगण, प्रशासनिक अधिकारी और नगरपालिका की टीम के साथ शहर के कई वार्डों का निरीक्षण किया। नगरपालिका अध्यक्ष ने कलेक्टर को चीलर नदी पर स्थित महुपूरा पुल दिखाया और उसकी ऊंचाई बढ़ाने की मांग की। महुपूरा में स्थित पुल की ऊंचाई वर्तमान में 4 फीट है जिसे बढ़ाकर 12 फीट की जाना है। नगरपालिका ने इसके लिए डीपीआर बनाकर राज्य शासन को भेजी भी थी लेकिन शासन ने निरस्त कर दी। अब एक बार फिर से नगरपालिका 17 जुलाई को सीएम के सामने उनके गुलाना दौरे के समय इस पुल की मांग रखेंगी। इस पुल की ऊंचाई बढ़ने से बारिश के दिनों में रास्ता बंद होने की समस्या से निजात मिलेगी। ज्यादा बारिश होने पर पुल पर पानी आ जाता है और शहर दो हिस्सों में विभक्त हो जाता। धौबी चौराहा, स्टेशन रोड एवं टंकी चौराहे पर जाने के लिए दो किलोमीटर की दूरी ज्यादा तय करना पड़ती है।

पार्किंग समस्या से मिलेगी निजात….

शहर के मध्य में स्थित पुराने पीडब्ल्यूडी भवन में नगरपालिका ने पार्किंग स्टैंड और कांप्लेक्स बनाने की मांग कलेक्टर से की है। इस भवन के मिलने से नगरपालिका यहां पार्किंग स्टैंड और कांप्लेक्स बनाने की योजना बना रही है। शहर में नगर पालिका का एक भी पार्किंग स्टैंड नहीं है। यहां पार्किंग स्टैंड बनने से ट्राफिक भी जाम नहीं होगा और शहरवासियों को पार्किंग करने के लिए एक स्थान उपलब्ध हो जाएगा ‌

खुशबू से महकेगा शहरी हाईवे….कलेक्टर किशोर कुमार..

शहरी हाईवे पर कलेक्टर ने आज पौधारोपण किया। कलेक्टर ने बताया शहरी हाईवे के डिवाइडर पर खुशबू वाले फूल लगाए जाएंगे। जिससे हाईवे महकेगा। सबसे पहले चंपा के पौधे लगाए गए। नगरपालिका पूरे डिवाइडर के मध्य पौधारोपण करेगी,आज से शुरूआत हो गई।

 

रिपोर्ट मनोज जैन

Author: Dainik Awantika