रामघाट पर बने मंदिर जलमग्न, शिप्रा में आया उफान, गंभीर में पानी की आवक

– 24 घंटे में 3 इंच बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में आई कमी
उज्जैन। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बना सिस्टम मानसून की झमाझम बारिश लेकर आया है। मंगलवार-बुधवार 24 घंटे में हुई 3 इंच बारिश के बाद शिप्रा नदी में उफान आ गया। गंभीर डेम में भी पानी की आवक हुई है। मौसम में ठंडक आने पर न्यूनतम तापमान में कमी आई है।
सावन महीने में पहली बाहर मंगलवार दोपहर मानसून की झमाझम बारिश शुरू हुई थी। बुधवार सुबह तक रुक रुक कर पानी गिरता रहा। 24 घंटे में 3 इंच बारिश जीवाजीराव वेधशाला पर दर्ज की गई। शहर के साथ ही आसपास के जिलों में भी तेज बारिश होने से बुधवार तड़के शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ गया। रामघाट और दत्त अखाड़ा को जोड़ने वाली छोटी रपट पर 3 फीट पानी बढ़ने से रामघाट पर बने मंदिर जलमग्न हो गए थे। रपट पर जलस्तर बढ़ता देख दोनों और बैरिकेट्ड लगाकर आवाजाही रोक दी गई थी। शिप्रा में उफान आता देख प्रशासन ने सभी घाटों पर होमगार्ड, एनडीआरएफ और तेराक दल के सदस्यों को अलर्ट कर दिया था। रामघाट पर नहान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को शिप्रा नदी की ओर जाने से रोका जा रहा था। मौसम वैज्ञानिकों ने बारिश को लेकर शुक्रवार तक का अलर्ट जारी किया है। इस बीच तेज और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।
गंभीर डेम में बड़ा पानी का लेवल
उज्जैन, इंदौर और देवास में हुई बारिश के बाद गंभीर डेम में पानी की आवक शुरू हो गई थी। शहर को वर्ष भर जल प्रदाय करने वाले 2250 एमसीएफटी क्षमता वाले गंभीर डेम में बुधवार को 483 एमसीएफटी पानी संग्रहित हो चुका था। मंगलवार तक डेम में 379 एमसीएफटी पानी था। अप्रैल माह में गंभीर का जलस्तर कम होने के बाद नगर निगम पीएचई विभाग ने एक दिन छोड़ जल प्रदाय करना शुरू कर दिया था। नगर निगम ने जून माह के प्रथम सप्ताह में डेम के कुछ हिस्सों का जन सहयोग से गहरीकरण भी किया था। गौरतलब हो कि उज्जैन में होने वाली बारिश और इंदौर का यशवंत सागर डेम ओवरफ्लो होने के बाद गंभीर अपनी क्षमता को पार कर जाता है।
8 किमी. की रफ्तार से चली हवा
मंगलवार दोपहर बारिश के दौरान चक्रवाती हवा चलना सामने आया था। बुधवार को पश्चिम से पूर्व की ओर 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती रही। जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ राजेंद्र कुमार गुप्त के अनुसार मंगलवार बुधवार न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया जिसमें 2 डिग्री की गिरावट आई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री रहा। 15 जून से 12 जुलाई तक 262 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है जो 10 इंच से अधिक है। शहर की औसतन बारिश का आंकड़ा 36 इंच है वर्षा काल को 2 माह का समय शेष है। औसतन आंकड़ा पूरा हो जाएगा।