इंदौर में तीसरी मंजिल से गिरकर युवक की मौत, अवैध संबंध का फंसा पेंच

 

इंदौर। राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में एक युवक की तीसरी मंजिल से गिरने के चलते मौत हो गई। परिजनों ने जहां इसे सुसाइड बताया, वहीं पुलिस इसे हादसा मान रही है। पुलिस अधिकारियों ने बालकनी से असंतुलित होकर गिरने की बात कही है। मामले में कथित तौर पर मृतक की पत्नी के अवैध संबंध की बात भी सामने आई है। परिजनों ने इस संबंध में एक अन्य युवक पर आरोप लगाए हैं,जबकि पुलिस की माने तो अवैध संबंध वाले पॉइंट की अभी पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं घटना के पहले मृतक ने मां से तीखी सब्जी बनाने के लिए कहा था। जिस पर मां ने बेटे के लिए सांभर और मक्के की रोटी बनाई, लेकिन उसे क्या पता था कि ये बेटे की आखिरी फरमाइश है।
दरअसल, राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित भीम नगर मल्टी में रहने वाला नवीन शुक्रवार रात अचानक तीसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गया। गिरने की तेज आवाज सुन मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और उसे तुरंत एमवाय अस्पताल ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि कथित तौर पर नवीन की पत्नी का किसी अन्य युवक के साथ अफेयर था, इस वजह से उसने सुसाइड किया है। युवक के साथ पत्नी को पति ने देख लिया था और इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। वहीं मामले में पुलिस का कहना है कि अफेयर वाली बात अभी क्लियर नहीं है। पत्नी के कुछ दिन पहले तीनों बच्चों को लेकर मायके जाने की जानकारी मिली है। बयानों के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। मामले की जांच की जा रही है।

घटना के समय मां-बेटा ही घर पर थे

राजेंद्र नगर थाना प्रभारी सतीश पटेल ने बताया कि नवीन पिता शिवराम खराटे उम्र 35 साल निवासी भीम नगर की शुक्रवार रात तीसरी मंजिल से गिरने की सूचना पर एमवाय अस्पताल ले जाया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक मजदूरी (पेंटर) करता था।