आज सोमवती अमावस्या पर्व पर  शिप्रा स्नान के लिए उमड़ेंगे श्रद्धालु

– सोमतीर्थ पर भी प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु स्नान के लिए लगाए फव्वारें

– रामघाट सहित सभी प्रमुख घाटों पर तैराकों व होमगार्ड जवानों की विशेष ड्यूटी

दैनिक अवंतिका उज्जैन।

सोमवती अमावस्या पर्व पर आज सोमवार को उज्जैन में पर्व स्नान होगा तथा शिप्रा में स्नान के लिए देशभर से लाखों लोग यहां उमड़ेंगे। वहीं प्रशासन ने शिप्रा के बड़े पुल के पास रणजीत हनुमान से पहले स्थित प्राचीन सोमतीर्थ पर भी फव्वारें लगाकर नहान की व्यवस्था कर दी है।

सोमवती अमावस्या पर्व के चलते आज उज्जैन में देशभर से लाखों श्रद्धालु नहान, देव-दर्शन के साथ दान-पुण्य करने के लिए उमड़ेंगे। कलेक्टर के आदेश पर डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने सोमवती अमावस्या होने के कारण शिप्रा नदी के विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के नहान हेतु आने की संभावनाओं को देखते हुए होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगाई है। शिप्रा नदी के रामघाट, भूखी माता, गऊघाट, सिद्धवट, सोमतीर्थ, मंगलनाथ, केडी पैलेस सहित शिप्रा के विभिन्न घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये जा रहे हैं।

श्रावण में सोमवती आने से लाखों 

लोग आएंगे, 120 जवान तैनात

श्रावण मास होने के कारण सोमवती अमावस्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए घाट सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम एसडीईआरएफ एवं होमगार्ड के 120 जवानों की टीम तैनात रहेगी। होमगार्ड की टीम की सजगता से विगत एक सप्ताह में छह श्रद्धालुओं को रामघाट पर डूबने से बचाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था हेतु घाटों पर बोट के माध्यम से पेट्रोलिंग एवं लाईफबाय के माध्यम से डूब प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर दोहरी सुरक्षा व्यवस्था श्रद्धालुओं को प्रदान की जायेगी।