जामनेर नदी पर बने स्टॉप डेम में थाना प्रभारी की डूबने से मौत – शव निकालते समय हुआ हादसा, देवास-उज्जैन में शोक की लहर

 

उज्जैन। देवास जिले के नेमावर में रविवार को जामनेर नदी पर बने स्टाफ डेम से शव निकालते समय थाना प्रभारी राजाराम वास्कले की डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर पुलिस विभाग जैसे ही पहुंची देवास और उज्जैन में शोक की लहर छा गई। थाना प्रभारी का उप निरीक्षक के रूप में उज्जैन का कार्यकाल काफी प्रशंसनीय रहा था।

बड़वानी जिले के रहने वाले नेमावर थाना प्रभारी राजाराम वास्कले वर्ष 2012 बैच के अधिकारी थे। उप निरीक्षक के तौर पर उन्होंने पुलिस विभाग में अपनी सेवा देना शुरू किया था। ढाई वर्ष पहले देवास जिले में उनकी पोस्टिंग हुई थी। वर्तमान में वह नेमावर थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बारिश के चलते थाना क्षेत्र की जामनेर नदी में पानी का जलस्तर काफी अधिक बढ़ा हुआ था। रविवार को नदी के स्टॉप डेम में एक शव पड़ा होने की सूचना पर टीम के साथ पहुंचे थे। काफी प्रयास के बाद भी शव बाहर नहीं निकल पाया तो थाना प्रभारी वास्कले खुद शव निकालने के लिए नदी में उतर गए। पहली बार में वह सफल नहीं हो पाए। उन्होंने दूसरा प्रयास किया लेकिन खुद पानी के चक्रव्यूह में फंस गए। उन्हें तत्काल पुलिसकर्मी और लोगों ने व्यक्ति की मदद से बाहर निकाला और अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से उन्हें हालत गंभीर होने पर रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। थाना प्रभारी के निधन की खबर पुलिस विभाग में पहुंचते ही देवास और उज्जैन में शोक की लहर फैल गई थी।
आईपीएस अतुलकर के साथ किए थे खुलासे
उप निरीक्षक के तौर पर राजाराम वास्कले उज्जैन में साइबर सेल प्रभारी थे। आईपीएस सचिन अतुलकर के साथ उन्होंने उज्जैन में कई गंभीर वारदातों का खुलासा किया था। वहीं कई कुख्यात गैंग के बदमाशों को मुठभेड़ में पकड़ने के दौरान उनकी भूमिका प्रशंसनीय रही थी। वर्ष 2020 में स्थानांतरण होने पर देवास चले गए थे। ढाई वर्ष पहले थाना प्रभारी बनने के बाद नेमावर में वह अपनी सेवाएं दे रहे थे।
भाई बालाघाट में थाना प्रभारी
हादसे में अपनी जान गवाने वाले थाना प्रभारी राजाराम वास्कले के बड़े भाई प्रकाश वास्कले भी थाना प्रभारी है। 3 साल पहले दोनों भाइयों का कार्यकाल उज्जैन में ही रहा था। बड़े भाई वर्तमान में बालाघाट में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। राजाराम वास्कले दो बच्चों के पिता थे। एक 5 साल का बेटा है और कुछ माह पहले ही बेटी के पिता बने थे। 4 जुलाई को उनका जन्मदिन भी था।