बदमाशों ने शोरूम संचालिका से चेन लूटी, मां-बेटी दस फीट तक घिसटती रहीं

इंदौर। बाइक सवार बदमाशों ने शनिवार को शोरूम संचालिका मनीषा शर्मा से चेन लूट ली। बदमाशों ने जैसे ही झपट्टा मारा, मनीषा स्कूटर से गिरी और करीब दस फीट तक घिसटती चली गई। मनीषा और उनकी बेटी वैनू घायल हुई हैं। पुलिस को आरोपितों के सीसीटीवी फुटेज मिल गए हैं। बदमाशों ने सरेराह चेन लूटी है। जिस जगह घटना हुई वहां कई लोग खड़े थे। मनीषा के गिरने की आवाज सुनकर लोग आगे आए परंतु बदमाश उनके सामने ही तेजी से भाग गए। पीछे बैठे बदमाश ने हाथ लहराया। लोगों ने मनीषा और वैनू को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कहा कि इलाके में चेन व फोन लूट की घटनाएं आम हो गई हैं। कुछ दिनों पूर्व एक युवक को लूट लिया गया था।
एमजी रोड पर भी हुई थी युवती से लूट
पिछले तीन महीने में लूट की 50 से ज्यादा वारदातें हो चुकी हैं। ज्यादातर घटनाएं दिन में ही हो रही हैं। 2 जुलाई को एमजी रोड पर भी इसी तरह प्रियांशी लश्करी से फोन लूटा गया था। प्रियांशी हवा में उछल कर घायल हो गई थीं।

Author: Dainik Awantika