फर्म में करोड़ों का गबन:पत्नी को भी बनाया साझेदार, उद्योगपति गिरफ्तार

इंदौर। रावजी बाजार पुलिस ने एक उद्योगपति को गिरफ़्तार किया है। आरोपी ने फर्म में साझेदार होने के दौरान अकाउंट में काफी हेरफेर किया। इसके साथ ही फर्जी सर्टिफिकेट भी बनवाए। बाद में दूसरे पार्टनर ने कोर्ट और पुलिस से शिकायत की। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
टीआई प्रीतमसिंह ठाकुर के मुताबिक जे एंड के इको फैब्रिक इंडस्ट्रीज के विनीत चौधरी की शिकायत पर संजय अग्रवाल निवासी महालक्ष्मी नगर पर शनिवार को केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। विनीत ने बताया उन्होंने संजय अग्रवाल के साथ पार्टनरशिप में फर्म शुरू की। इसमें उनकी पत्नी वेणु को भी साझेदार बनाया।
फर्म की करोड़ों की अमाउंट को वेणु के निजी अकाउंट में ट्रांसफर किया। इतना ही नहीं उन्होंने फर्जी डॉक्यूमेंट से अलग-अलग बैंकों से फर्म के नाम से लोन भी लिया। उन्होंने अपना फर्जी सेलरी सर्टीफिकेट बनवाया। इसमें 48 हजार रुपये अपनी सेलरी बताई। विनीत चौधरी ने जब कंपनी के पूरे खातों की जांच करवाई तो कई अमाउंट का हेरफेर मिला। इसके बाद पूरे सबूत इकट्ठा कर वरिष्ठ पुलिस अफसरों को शिकायत की गई।

कलेक्टर से फर्जी आय प्रमाण पत्र को लेकर हुआ केस दर्ज

विनीत ने बातचीत में बताया कि 2015 में कंपनी शुरू की गई। जिसमें नवंबर 2018 में घाटा बताकर संजय अग्रवाल निवासी महालक्ष्मी नगर बाहर हो गया। बाद में मामला जब कोर्ट पहुंचा तो संजय ने खुद का फर्जी प्रमाण पत्र कलेक्टर से बनवाया और उसे कोर्ट में पेश किया गया। यहां जांच में वह फर्जी मिला। जिसके बाद उन्होंने रावजी बाजार पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए। इधर संजय के खिलाफ एक शिकायत पर सांवेर थाने में भी जांच चल रही है।