57 साल बाद सावन सोमवार और सोमवती अमावस्या का योग:प्रोटोकॉल दर्शन और नंदी हॉल बंद, अब तक 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन किए

उज्जैन।  आज सावन का दूसरा सोमवार है। इस दिन सोमवती अमावस्या भी है। 57 साल बाद ऐसा संयोग बना है, जब श्रावण माह के सोमवार के दिन सोमवती हरियाली अमावस्या पड़ी है। इससे पहले यह योग 1966 में बना था। महाकालेश्वर मंदिर के पट रात 2:30 बजे खोल दिए गए। सुबह 10 बजे तक 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। शाम तक 4 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।

श्रद्धालु शिप्रा नदी में डुबकी लगाकर महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु तड़के होने वाली भस्म आरती में शामिल होने पहुंचे। भीड़ अधिक होने की वजह से प्रोटोकॉल दर्शन व्यवस्था को पूरी तरह से बंद किया गया है। नंदी हॉल को भी बंद कर दिया है। शाम 4 बजे भगवान महाकाल की सवारी निकाली जाएगी। इस दिन महाकाल चंद्रमौलेश्वर के रूप में दर्शन देंगे।