मणिपुर में उपद्रवियों ने 2 महिलाओं को नग्न घुमाया, गैंगरेप का आरोप

वीडियो वायरल होने पर एफआईआर दर्ज, कांग्रेस ने कहा- संसद में जवाब मांगेंगे

ब्रह्मास्त्र इंफाल

मणिपुर में दो महिलाओं को बिना कपड़ों में घुमाने का वीडियो वायरल है। सोशल मीडिया पर #टंल्ल्रस्र४१श््रङ्म’ील्लूी से ये वीडियो पोस्ट किए जा रहे हैं। इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम ने आरोप लगाया है कि दोनों महिलाओं के साथ एक खेत में गैंगरेप किया गया। संगठन ने मामले में महिला आयोग और एसटी आयोग से कार्रवाई की मांग की है। फोरम का दावा है कि दोनों महिलाएं कुकी जनजाति से हैं। आईटीएलएफ ने कहा कि वीडियो में भीड़ असहाय महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करती दिख रही है। महिलाएं रो रही हैं और बंधक बनाने वालों से गुहार लगा रही हैं। यह घटना इंफाल से लगभग 35 किलोमीटर दूर कांगपोकपी जिले में 4 मई को हुई थी। इंटरनेट बैन होने के कारण यह वीडियो तब सामने नहीं आ सका था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और अलका लाम्बा ने इस घटना का विरोध किया है।

मणिपुर की घटना पर बोले मोदी, मन क्रोध से भरा, किसी गुनहगार को बख्शेंगे नहीं
नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र आज सुबह 11 बजे से शुरू हो गया। इससे पहले पीएम मोदी ने मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र सड़क पर घुमाने के मामले पर कहा, ‘मेरा हृदय आज पीड़ा से भरा है, क्रोध से भरा है। मणिपुर की घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मसार करने वाली घटना है। सभी मुख्यमंत्रियों से कहता हूं कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करें। माताओं-बहनों की रक्षा के लिए सख्त कदम उठाएं। किसी भी गुनहगार को बख्शा नहीं जाएगा। मणिपुर की बेटियों के साथ जो हुआ, उसे कभी माफ नहीं किया जा सकता।’

Author: Dainik Awantika