10 मिनट में भाग गए 8 बाल अपचारी

रीवा। के बाल सुधार गृह से भागे 8 बाल अपचारी लंबे समय से योजना बना रहे थे। पिछले आठ दिन से वे रेकी भी कर रहे थे। मौका मिलते ही 19 जुलाई को भाग गए। उन्होंने बिजली सप्लाई बंद की, अधीक्षक की टेबल की दराज का ताला तोड़कर चाभी निकाली, छत के गेट का ताला खोला, छत से कूदे और लोहे के कंटीले तारों को काटकर खेत के रास्ते फरार हो गए। बड़ी बात ये है कि इस काम को महज 10 मिनट में अंजाम दिया गया। ये खुलासा बाल संप्रेक्षण गृह वापस आए दो बाल अपचारियों ने किया है। बाल अपचारियों ने बताया कि उन्हें घर की याद आ रही थी। संप्रेक्षण गृह में मन नहीं लग रहा था। इस कारण वह भागने की योजना बना रहे थे। दोनों ने भागने की पूरी साजिश का खुलासा किया। मामले की पड़ताल में बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा में भी कई खामियां नजर आईं। 19 जुलाई को बाल संप्रेक्षण गृह से आठ अपचारी फरार हो गए। अभी तक सिर्फ दो बाल अपचारियों को ही वापस लाया जा सका है। अन्य 6 फरार हैं। जिस बाल संप्रेक्षण गृह से ये भागे हैं, उसका संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग करता है।
बाल संप्रेक्षण गृह के अधीक्षक की शिकायत पर समान पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।